
नवदुनिया राज्य ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान किसानों के मुद्दे पर मंगलवार को सदन के बाहर कांग्रेस ने चिड़िया चुग गई खेत की सांकेतिक झांकी के साथ प्रदर्शन किया। पार्टी के विधायकों ने आरोप लगाया कि किसान को न तो उपज का उचित मूल्य मिल रहा है और न ही समय पर खाद व मुआवजा। सरकार किसान हित की लगातार अनदेखी कर रही है।
सरकार ने किसानों के खेत चुग लिए हैं। हजारों किसान सड़कों पर उतर रहे हैं पर सरकार आंख, नाक और कान बंद करके बैठी है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के साथ अधिकतर विधायकों ने चिड़िया चुग गई खेत की सांकेतिक झांकी लेकर नारेबाजी की।
मप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वर्तमान आंकड़ों में प्रदेश की राजधानी भोपाल और ग्वालियर की हवा खराब है। यहां के एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) पुअर कैटेगरी में है। वहीं, इंदौर में स्थिति संतोषजनक तो जबलपुर में नियंत्रित है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, सागर और देवास में नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम वर्ष 2019 से चल रहा है।
इसके तहत 2025-26 तक पर्टिकुलेट मैटर पीएम 10 के स्तर में 40 प्रतिशत तक कमी लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं प्रदेश में 19 स्थानों पर मानीटरिंग सिस्टम भी लगे हुए हैं। भविष्य के लिए अभी कोई और योजना प्रस्तावित नहीं है। यह जानकारी विधानसभा में पर्यावरण एवं वन राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार ने विधायक अभिलाष पांडेय के प्रश्न के उत्तर में दी। कहा गया कि नगरों में एक्यूआइ स्तर में वृद्धि के प्रमुख कारण औद्योगिक उत्सर्जन, निर्माण कार्य आदि हैं।
विधानसभा में जबलपुर उत्तर से भाजपा विधायक अभिलाष पाण्डेय ने बच्चों में स्मार्टफोन और इंटरनेट के उपयोग की लत बढ़ने को ध्यानाकर्षण के माध्यम से उठाया। उन्होंने कहा कि देश में 10 से 14 साल के 83 प्रतिशत बच्चे मोबाइल का उपयोग कर रहे हैं, जो कि दुनिया में 76 प्रतिशत है। आने वाले समय में यह भारत की भयानक समस्या बनेगी। इसके उत्तर में महिला बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि जागरूकता व अन्य काम किए जाते हैं।