
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा द्वारा ब्राह्मण की बेटियों पर दिए गए आपत्तिजनक बयान के विरोध में गुरुवार को भोपाल में जोरदार प्रदर्शन हुआ। रोशनपुरा चौराहे पर ब्राह्मण समाज के सैकड़ों लोगों ने एकत्र होकर धरना दिया और वर्मा के खिलाफ कड़ी नाराजगी व्यक्त की। प्रदर्शनकारियों ने आईएएस वर्मा का पुतला फूंका और सांकेतिक चक्काजाम कर विरोध दर्ज कराया।
इस विरोध में ब्राह्मण समाज के साथ-साथ राजपूत करणी सेना, हिंदू उत्सव समिति, संस्कृति बचाओ मंच सहित कई सामाजिक और सांस्कृतिक संगठन शामिल हुए। संगठनों ने एक सुर में कहा कि जिस पद पर रहते हुए संतोष वर्मा ने समाज विशेष पर टिप्पणी की है, वह न केवल आपत्तिजनक है बल्कि सामाजिक सौहार्द को भी ठेस पहुंचाने वाला है। समाज के लोगों ने शाम चार बजे रोशनपुरा चौराहे पर विरोध प्रदर्शन शुरू किया।
उन्होंने पुतला फूंकने के अलावा नारेबाजी की। चौराहे के चारों ओर चेन बनाकर चक्काजाम किया गया। करीब आधे घंटे तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। वहीं मौके पर मौजूद पुलिस ने समझाइश देकर प्रदर्शनकारियों को उठाया। पुलिस जेल वाहन से प्रदर्शनकारियों को टीटीनगर थाने लेकर पहुंची।
एसीपी अंकिता खातरकर ने बताया कि किसी भी प्रदर्शनकारी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। प्रदर्शनकारियों के एक दल ने आईएएस वर्मा के विरूद्ध ज्ञापन सौंपा है। हिउस के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि ज्ञापन के जरिए आइएएस वर्मा की गिरफ्तारी और बर्खास्तगी की मांग की गई है।