भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि), MP Weather Update। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान 'निवार' के बुधवार को तमिलनाडु के तट पर टकराने की संभावना है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक इसके प्रभाव से पूर्वी मप्र (विशेषकर जबलपुर संभाग) में बुधवार-गुरुवार को बरसात हो सकती है। राजधानी भोपाल सहित शेष इलाकों में बादल छाने से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने के आसार हैं। इससे ठंड से कुछ राहत मिलने की संभावना है। हालांकि 28 नवबंर के बाद एक बार फिर कड़ाके ठंड का दौर फिर शुरू होने के आसार भी हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि निवार तूफान बुधवार को तमिलनाड़ के तट पर टकराएगा। इसका प्रभाव छत्तीसगढ़ के अलावा पूर्वी मप्र में बुधवार से ही दिखने लगेगा। बादल छाएंगे और बारिश भी होगी।
प्रेरित चक्रवात के कारण बदल रहा हवा का रुख
साहा ने बताया कि वर्तमान में दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात अभी भी बना हुआ है। इसके प्रभाव से हवा का रुख बदलने लगा है। पूर्वी हवा चलने से वातावरण में नमी बढ़ने लगी है। इससे बुधवार को राजधानी सहित अनेक स्थानों पर शाम के समय बादल छाने की संभावना है। इससे रात के तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है। उधर एक पश्चिमी विक्षोभ भी उत्तर भारत की तरफ बढ़ रहा है। इसके असर से भी वातावरण में नमी बढ़ेगी। इससे ठंड से फिलहाल राहत मिलेगी। 28 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत से आगे बढ़ने के बाद एक बार फिर हवाओं का रुख बदलकर उत्तरी होने लगेगा। उत्तर भारत से आने वाली सर्द हवाओं के कारण एक बार फिर प्रदेश में ठिठुरन बढ़ने लगेगी।
Posted By: Ravindra Soni
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे