भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। राजधानी में रविवार को खराब मौसम के कारण हवाई यातायात प्रभावित हुआ। राजधानी में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा और दृश्यता काफी कम रही। इस वजह से सुबह की सभी उड़ाने देर से भोपाल पहुंचीं। बेंगलुरु से भोपाल आ रही उड़ान को खराब मौसम के कारण इंदौर डायवर्ट करना पड़ा। उड़ाने लेट होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुबह के समय राजधानी के फलक पर घना कोहरा छाया हुआ था, इस कारण हवाई यातायात पर असर पड़ा। इंडिगो एयरलाइंस की मुंबई से आने वाली उड़ान निर्धारित समय से लगभग 3:30 घंटे की देरी से भोपाल पहुंच सकी। यह उड़ान सुबह 8:20 पर भोपाल पहुंचती है। मौसम खराब होने के कारण करीब 12:00 बजे भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर लैंड हो सकी। इसी तरह सुबह की इंडिगो की दिल्ली उड़ान भी निर्धारित समय पर भोपाल नहीं पहुंच सकी उड़ान। सुबह 8:10 पर पहुंचती है, उड़ान दोपहर 12:20 पर भोपाल पहुंची। हैदराबाद उड़ान भी निर्धारित समय पर भोपाल नहीं पहुंच सकी। यह उड़ान करीब 2 घंटे की देरी से सुबह 11:20 बजे भोपाल पहुंची।
बेंगलुरु उड़ान को इंदौर डायवर्ट करना पड़ा
बेंगलुरु से भोपाल आने वाली इंडिगो की उड़ान आमतौर पर सुबह 9:10 पर पहुंचती है। सुबह के वक्त एयरपोर्ट के आसपास घना कोहरा होने के कारण एटीसी से उड़ान को लेंड होने की अनुमति नहीं मिली। इस कारण इस उड़ान को इंदौर डायवर्ट कर देना पड़ा। कोहरा छंटने के बाद उड़ान दोपहर 12:10 पर वापस राजा भोज एयरपोर्ट पर लैंड हुई। 3 घंटे विलंब के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इधर एयर इंडिया की सुबह की दिल्ली उड़ान एक घंटे विलम्ब से भोपाल पहुंच सकी।
Posted By: Ravindra Soni