भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। बदलती जीवनशैली व खानपान में प्राकृतिक पोषक तत्वों की कमी से शरीर में कैल्शियम और विटामिन-डी जैसे जरूरी तत्वों की पूर्ति नहीं हो पा रही है। इसकी वजह से अस्थि (हड्डी) रोगों की समस्या शिशुओं में भी बढ़ रही है। अनुवांशिक रोगों की रोकथाम के लिए सरकार अस्पतालों के माध्यम से निरंतर आयरन की दवा वितरित करवा रही है। इसमें बी-12 विटामिन भी उपिस्थत होता है, जिसका वितरण सरकार द्वारा निश्शुल्क किया जाता है। गर्भधारण के दौरान इस दवा का सेवन जरूर किया जाना चाहिए। यह सलाह अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भोपाल के कार्यपालक निदेशक एवं शिशु अस्थि रोग विशेषज्ञ प्रोफेसर (डा.) अजय सिंह ने दी है। वह नवदुनिया कार्यालय में आयोजित 'हेलो डाक्टर' कार्यक्रम में पाठकों के सवालों का दूरभाष पर जवाब दे रहे थे।
सवाल- मेरे बेटे की उम्र सात वर्ष है। उसकी हाथ की हड्डी में तिरछापन है तो क्या करना चाहिए? (प्रियंक दुबे, नर्मदापुरम)
जवाब- इस तरह के रोग अनुवांशिक होते हैं। अगर उम्र बढ़ने पर वो सामान्य है उसे कोई दर्द नहीं होता है तो उसे अनदेखा कर दें। लेकिन दर्द महसूस होता है तो तुरंत विशेषज्ञों की राय लेना चाहिए।
सवाल- मेरी बेटी की उम्र 11 साल है, उसके हाथ-पैर में छह उंगलियां हैं, उसे अलग करा सकते हैं? (पंकज शर्मा, सिवनी मालवा)
जवाब- हां, बिल्कुल प्लास्टिक सर्जरी एंड कास्मेटिक डिपार्टमेंट में जाकर इसकी सर्जरी कराई जा सकती है, लेकिन हर सर्जरी एक समय के अंतराल के बाद होगी। इसकी सुविधा एम्स में भी है।
सवाल- हमारे परिचित एक परिवार में एक बच्ची को क्लब फुट की समस्या है, उन्हें क्या करना चाहिए? (प्रगति परसाई, नर्मदापुरम)
जवाब- चूंकि बच्चा दूसरे परिवार का है इसलिए आप उसे बुधवार को एम्स की ओपीडी में भेजें। क्योंकि उनकी समस्या वही अच्छे बता पाएंगे। यह आनुवांशिक भी हो सकता है।
सवाल- हमारे बच्चे की उम्र दो वर्ष है, पेट में समस्या बनी रहती है, इससे उसका विकास भी प्रभावित हो रहा है? (हरीश कुशवाहा, विदिशा)
जवाब- भोपाल एम्स में बाल विभाग है, जहां शिशु रोगों से जुड़ी प्रत्येक जांच व उपचार होता है। ऐसे में आप बच्चे को एम्स की ओपीडी लेकर आएं।
सवाल- हम दो से चार साल के बच्चों में होने वाली हड्डियों की विकृतियों की किस तरह से पहचान कर सकते है? (राजेश अग्रवाल, देवास)
जवाब- यदि छोटे बच्चे खेलने के बाद पैरों में दर्द व थकान महसूस करें और सोने के बाद भी उनकी आंख खुल जाती है, तो बच्चे को कैल्शियम की कमी है। खेलकूद में भी पीछे रहते हैं तो विशेषज्ञों से राय लेना चाहिए।
सवाल- शिशुओं को क्या दिया जाना चाहिए, जिससे उनकी हड्डी मजबूत बनें? (दीपा केसवानी, भोपाल)
जवाब- बच्चों को छह माह तक सिर्फ मां का दूध ही दिया जाना चाहिए। इसके बाद जो भी घर में खाया जाता है उसे पीसकर दे सकते हैं।
सवाल- किशोरों की हड्डियों को मजबूत करने के लिए क्या किया जा सकता है? (अजय तिवारी, विदिशा)
जवाब- किशोरों की हड्डी मजबूत करने के लिए सादा भोजन दिया जाना चाहिए। जंक फूड से बचाना चाहिए।
सवाल- हमारे तीन साल के बच्चे को फ्लैट फुट की समस्या है। इससे कोई बड़ी परेशानी तो नहीं होगी? (विजयलक्ष्मी, कटारा हिल्स)
जवाब- इसमें डरने की जरूरत नहीं है, बस उम्र के साथ कई बदलाव आएंगे। लेकिन बच्चों को नंगे पांव कच्ची मिट्टी के ग्राउंड में खेलने दें। छह साल की उम्र तक समस्या ठीक हो जाएगी।
सवाल- बच्चे को कितनी देर तक धूप में सिकाई करना चाहिए, जिससे कि उसे पर्याप्त विटामिन डी मिल सके? (रमेश राठौर, भोपाल)
जवाब- इसके लिए सुबह 11 से दोपहर एक बजे के बीच सप्ताह में तीन बार 20-20 मिनट धूप दिखाना पर्याप्त होगा।
इन्होंने भी लिया परामर्श
राजेश पुरोहित बनखेड़ी, प्रियंका तिवारी भोपाल, सतीष मानकर संतनगर, प्रीति भट्ट नर्मदापुरम, दीपा कुशवाहा भोपाल सहित कई अन्य लोगों ने भी परामर्श लिया।
Posted By: Ravindra Soni