भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। बाल झड़ने की कई वजह हो सकती हैं। कई लोगों में यह दिक्कत जेनेटिक होती हैं। कई बार कुछ बीमारियों के चलते भी बाल झड़ने लगते हैं। कोरोना भी इनमें शामिल है। तनाव, नींद नहीं होने और शरीर में पोषक तत्वों की कमी के चलते भी बाल झड़ते हैं। यानी इन पर ध्यान दिया जाए तो बाल झड़ने की समस्या कम हो सकती है। जेनेटिक समस्या होने पर लंबे समय तक इलाज की जरूरत होती है। सिर में फंगल इंफेक्शन हैं तो तेल नही लगाना चाहिए। इसके अलावा विटामिन्स की कमी से यह दिक्कत होती है तो मल्टी विटामिन की दवाओं से ठीक किया जा सकता है, लेकिन ज्यादा दवाएं नहीं लेना चाहिए। यह बात त्वचा रोग विशेषज्ञ डा. उत्कर्ष शुक्ला ने शनिवार को नवदुनिया 'हेलो डाक्टर "में कही। करीब 30 लोगों ने फोन पर उनसे त्‍वचा संबंधी समस्‍याओं के लिए सलाह ली।

लोगों के सवाल और विशेषज्ञ के जवाब

15 दिन से अचानक बाल झड़ना शुरू हो गए हैं । क्या करें। (वंदना सिंह, अयोध्या नगर)

जवाब-- किसी चिंता के चलते अचानक से बाल झड़ने लगते हैं, लेकिन चिंता दूर होने पर बाल फिर से आने लगते हैं। ऐसी स्थिति में बालों को सुखाते समय तौलिया से ज्यादा रगड़ें नहीं। हल्के हाथ से बालों को सुखाएं।

-- पीठ और चेहरे पर फुंसियां हो रही हैं। क्या करें। (मुकेश लाल सप्रे, भोपाल )

जवाब-- बैक्टीरिया की वजह से इस तरह की फुंसियां होती हैं। दिन में दो बार चेहरे को धोएं। बाहर निकलते वक्त सनस्क्रीन लोशन लगाएं। कील-मुंहासे को छेड़ें नहीं, अन्यथा वह दाग छोड़ जाएंगे।

--मुझे बार-बार एलर्जी होती है क्या करना चाहिए। (अनिल कवचाने, देवास)।

जवाब--जहां पसीना इकट्ठा होता है वहां फंगस इंफेक्शन ज्यादा होता है। सबसे अच्छा उपाय यह है कि साफ कपड़े पहनें। दो बार नहाएं।

-- 15 साल की बेटी है। उसके चेहरे पर फुंसिया हैं। (अजय राय, भोपाल)

जवाब-- इस उम्र में हार्मोनल बदलाव आने की वजह से फुंसियां होती हैं। अपने आप ठीक भी हो जाती हैं। ज्यादा होने पर चिकित्सक की सलाह लेना चाहिए।

-- मेरे पैर में खुजली होती है। क्या करना चाहिए। (अमित सिंह, अयोध्या नगर)

जवाब- उम्र के साथ शरीर की तेल बनाने वाली ग्रंथियां निष्क्रिय होने लगती हैं। इस कारण खुजली होती है। नमी बनाए रखने के लिए मास्चुराइजिंग क्रीम लगाएं।

-- दाद की समस्या है। इलाज के बाद कुछ दिन के लिए ठीक हो जाती है और फिर हो जाती है। (सुनील निगम, कमला नगर)

जवाब- इसका इलाज लंबे समय तक चलाना पड़ेगा। फंगस रोधी कई दवाओं में स्टेरायड मिला होता है। कुछ दिन के लिए बीमारी दब जाती है, लेकिन स्टेरायड की वजह से प्रतिरोधक क्षमता कम हो जाती है, जिससे बीमारी बढ़ने लगती है।

बालों में बार-बार रूसी की समस्या हो रही है। ( अजय रावत, कोलार )

जवाब-- रूसी के दौरान तेल कम लगाएं। एंटी फंगल सैंपू लें। सिर धोने के एक घंटे पहले ही तेल लगाएं। इसके बाद एंटी फंगल शैंपू से बाल धोएं। तेल से नमी बढ़ती है, इस कारण रूसी ज्यादा है।

Posted By: Ravindra Soni

Mp
Mp