भोपाल (राज्य ब्यूरो)। मध्य प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने में कोई कसर न छोड़ें। धर्मांतरण का कुचक्र विफल करना है। ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। कई जगह केवल आदिवासियों की जमीन खरीदने के उद्देश्य से आदिवासी बेटी से शादी कर ली जाती है, ऐसे जमीन जिहादियों पर नजर रखें और कड़ी कार्रवाई की जाए।

यह बात बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कलेक्टर-कमिश्नर और पुलिस अधीक्षक-पुलिस महानिरीक्षक कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री चौहान ने महिला सुरक्षा के संबंध में पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए कि हर जिलों में ऐसे स्थान चिह्नित करें, जहां घटनाएं होती हैं।

उन्‍होंने कहा कि टीम को सतर्क और तैयार रहना चाहिए, जिससे घटनाएं न हों। असली हीरो के तहत निरंतर सम्मानित करते रहें। मुस्कान अभियान के सकारात्मक परिणाम आए हैं, इसे फिर से चलाएं। गुम, खोजे गए बालक-बालिकाओं को लेकर बैतूल, आलीराजपुर, देवास, अशोकनगर, आगर-मालवा जिलों की टीम द्वारा की गई कार्रवाई की मुख्यमंत्री ने प्रशंसा कर बधाई दी।

मैं कार्यक्रमों में आऊं तो नशामुक्ति के लिए काम करने वालों से मिलवाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब नशे से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में अभियान चलाने की आवश्यकता है, प्रचार का तंत्र बनाएं। इंटरनेट मीडिया पर कैम्पेन चलाएं, नशे के खिलाफ जबरदस्त कार्रवाई होनी चाहिए। इस कार्य में दीनदयाल समितियों और जनअभियान परिषद को भी जोडें। मैं जहां भी कार्यक्रमों में आऊं, नशामुक्ति के लिए काम करने वालों से मिलवाएं। जब्त मादक पदार्थ रखने की आवश्यकता नहीं, नष्ट करें।

सड़क पर घूमने वाले अनाथ बच्चों की संख्या शून्य होनी चाहिए

मुख्यमंत्री ने कहा कि फंड की कमी नहीं है, अनाथ और सड़कों पर घूमने वाले बच्चे के लिए हर जिला एक कार्ययोजना बनाए। इनके लिए शिक्षा, भोजन और कपड़ों का इंतजाम करें। एक मैसिव सर्वे करें कि कितने बच्चे सड़कों पर रह रहे हैं, हमें इनकी संख्या शून्य करना है।

मप्र में नक्सलियों की संख्या कम कर दी है

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पहली बार हाकफोर्स ने एक वर्ष में 1.14 करोड़ के इनामी छह नक्सलियों को मार गिराया। नक्सल नियंत्रण में वीरता दिखाने वाले सात अधिकारी-कर्मचारियों को भारत सरकार द्वारा 'पीएमजी' के लिए चयनित किया गया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की सीमा में थोड़े-बहुत नक्सली ही बचे हैं।

भू माफिया पर कार्रवाई करने वाले जिलों की प्रशंसा

भू माफिया, गुंडा, शासकीय भूमि पर अवैध कब्जेधारियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई में पंजीकृत प्रकरण के आधार पर भोपाल, टीकमगढ़, इंदौर, अशोकनगर और सागर प्रथम पांच जिले हैं। इसी तरह गुंडा माफियाओं से मुक्त कराई भूमि के आधार पर पांच प्रथम जिलों में टीकमगढ़, अशोकनगर ग्वालियर, जबलपुर और सीहोर ने स्थान बनाया है। मुख्यमंत्री ने इस जिलों की प्रशंसा की। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधीक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि डकैतों को पनपने ही मत दो। जनता की जिंदगी से खेलते वालों को समाप्त करने की लड़ाई जारी रहेगी। मां, बहन और बेटी का सम्मान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जी-20 में आने वालों की ऐसी सुरक्षा हो कि वे भारत का गुणगान करें

मुख्यमंत्री ने कहा कि जी-20 बैठक में भी कई देशों के लोग आएंगे। वे दुनिया में जाकर भारत की बात करेंगे। उनकी सुरक्षा से लेकर सारी चीजें इतने बेहतर ढंग से करना है कि वो भारत का गुणगान करें। प्रवासी भारतीय सम्मेलन में बहुत से वीआइपी आए, तीन राष्ट्रपति थे, कई देशों के मंत्री थे, मैं इंदौर प्रशासन को विशेष रूप से बधाई दूंगा। आपने बेहतर ढंग से व्यवस्था की, जिससे मध्य प्रदेश की साख बनी है।

आरक्षक भी उतने ही महत्वपूर्ण, जितने एसपी

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे लिए आरक्षक भी उतने ही महत्वपूर्ण है, जितने एसपी हैं। सभी की भावनाएं होती हैं, सुख-दुख होते हैं। सही टीम वही है, जिसके सदस्य को लगे कि मैं अकेला नहीं हूं, मेरे साथ मेरा मुखिया खड़ा है।

कई जगह सुधार की आवश्यकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमसे जनता को बहुत अपेक्षाएं हैं। कई जगह हम बहुत अच्छा काम कर रहे हैं, लेकिन कई जगह सुधार की आवश्यकता है। जब भी संकट आता है तो हमारा प्रशासन उदाहरण प्रस्तुत करता है, मुझे ओवरआल बहुत संतोष है। बढ़ते हुए समय के साथ चुनौतियां नई-नई आती हैं, उसके अनुरूप हम अपने सिस्टम को अपडेट करते रहें।

Posted By: Hemant Kumar Upadhyay

Mp
Mp
 
google News
google News