Madhya Pradesh Congress: भोपाल (राज्य ब्यूरो)। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने विदिशा, आलीराजपुर और डिंडौरी में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने विदिशा में राकेश कटारे, डिंडौरी में अशोक पडवार और आलीराजपुर में ओम राठौर को जिला इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों ने बताया कि ओम राठौर अभी आलीराजपुर में कार्यवाहक अध्यक्ष थे। उन्हें अब अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, डिंडौरी और विदिशा के अध्यक्षों ने पारिवारिक कारण बताते हुए कार्यमुक्त करने की इच्छा जताई थी।
प्रदेश अध्यक्ष ने तीनों नवनियुक्त अध्यक्षों को जिला स्तर पर संगठन को मजबूत करने में अपना पूर्ण समय देने और आपसी समन्वय बनाकर काम करने के लिए कहा है।
उल्लेखनीय है कि जिला अध्यक्षों की नियुक्तियों में विवाद सामने आने के बाद इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष और खंडवा शहर व ग्रामीण इकाई के अध्यक्षों की नियुक्ति पर केंद्रीय संगठन ने रोक लगा दी थी। इंदौर शहर और खंडवा जिला ग्रामीण इकाई के अध्यक्षों की नियुक्ति अभी भी नहीं हो पाई है।
Posted By: Hemant Kumar Upadhyay
- # Madhya Pradesh Congress
- # Congress organization
- # mp election 2023
- # kamal nath
- # madhya pradesh news
- # district congress president