सेवावृद्धि नहीं मिली तो 30 नवंबर को मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस होंगे सेवानिवृत
Madhya Pradesh News: भोपाल (राज्य ब्यूरो)। एक दिसंबर को मध्य प्रदेश का मुख्य सचिव कौन होगा, इसको लेकर मंगलवार को निर्णय हो सकता है। मुख्य सचिव बैंस का कार्यकाल 30 नवंबर तक है, लेकिन अब तक किसी को उत्तराधिकारी विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी नियुक्त नहीं किया गया है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सोमवार को दिल्ली प्रवास के कारण यह कयास लगाए जा रहे थे कि मुख्य सचिव को लेकर निर्णय हो जाएगा, पर ऐसा नहीं हुआ। मंत्रालय में अधिकारियों-कर्मचारियों से लेकर कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी दिनभर यह जानने का प्रयास करते रहे कि मुख्य सचिव को लेकर निर्णय क्या होने वाला है, लेकिन असमंजस बरकरार रहा।
मुख्य सचिव को लेकर तस्वीर अब तक साफ न होने को लेकर मंत्रालय में पदस्थ अधिकारी तीन संभावनाएं जता रहे हैं। पहली- यदि मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस को सेवावृद्धि दी जाती है तो मंगलवार को मुख्य सचिव को लेकर आदेश जारी नहीं होंगे। दूसरी - यदि सेवावृद्धि की संभावना धूमिल होती है तो फिर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ अनुराग जैन को मौका दिया जा सकता है। तीसरी - केंद्र सरकार अनुराग जैन को छोड़ने के लिए तैयार नहीं होती है तो फिर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ अजय तिर्की, प्रदेश में पदस्थ अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान, अपर मुख्य सचिव वन जेएन कंसोटिया या फिर कोई अन्य चौकाने वाला नया नाम सामने आ सकता है।
Posted By: Hemant Kumar Upadhyay
- Font Size
- Close