Madhya Pradesh Weather News: भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। तीन दिन तक प्रदेश में ठंड का असर दिखाने के बाद अब दिन और रात का तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। इसकी वजह हरियाणा और उससे लगे पश्चिमी उत्तरप्रदेश पर डेढ़ किलोमीटर की ऊंचाई पर एक ऊपरी हवा का चक्रवात बनना है। इस सिस्टम के कारण हवा का रुख पूर्वी हो गया है।
इस वजह से दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होने लगी है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी न्यूनतम तापमान में गिरावट होने के आसार नहीं दिख रहे हैं। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि तीन दिन पहले हवा का रुख उत्तर और उत्तर-पूर्वी हो गया था।
उत्तर भारत में बर्फबारी के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इस वजह से उत्तर भारत से लगातार आ रही सर्द हवाओं ने राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट होने लगी थी,लेकिन रविवार से मौसम के मिजाज में परिवर्तन देखने को मिला। प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
अजय शुक्ला के मुताबिक हरियाणा और उससे लगे पश्चिमी उत्तरप्रदेश पर एक ऊपरी हवा का चक्रवात बन गया है। इस सिस्टम के प्रभाव से हवा का रुख पूर्वी हो गया है। इस वजह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है।
ईरान पर बना पश्चिमी विक्षोभ भी बढ़ाएगा तापमान
अजय शुक्ला के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ वर्तमान में ईरान के आसपास है। दो-तीन दिसंबर को यह सिस्टम उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में पहुंचेगा। इसके प्रभाव से वातावरण में नमी आने का सिलसिला शुरू होगा। बादल छाने के कारण न्यूनतम तापमान में और बढ़त दर्ज की जाएगी। हालांकि यह सिस्टम उत्तर भारत के पहाड़ों में बर्फबारी का कारण भी बनेगा। इसके बाद इस सिस्टम के उत्तर भारत से आगे बढ़ते ही एक बार फिर हवा का रुख उत्तरी होगा। उत्तर भारत से आने वाली सर्द हवाओं के कारण मध्यप्रदेश में पांच-छह दिसंबर से एक बार फिर ठंड का दौर शुरू होगा।
Posted By: Lalit Katariya
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे