Madhya Pradesh Weather Update: भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। उत्तर भारत की तरफ से लगातार आ रही सर्द हवाओं के कारण गुरुवार को मध्य प्रदेश में सर्दी ने यू-टर्न ले लिया। हिल स्टेशन पचमढ़ी में पारा दो डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
मैदानी क्षेत्रों में मध्य प्रदेश में सबसे कम 5.2 डिग्री सेल्सियस तापमान राजगढ़ में रिकार्ड किया गया। राजगढ़, भोपाल, रतलाम, जबलपुर, बालाघाट और सागर जिले में शीतलहर चली। 22 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शुक्रवार को भी मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश के सभी संभागों के जिलों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। गुरुवार को न्यूनतम तापमान नर्मदापुरम और जबलपुर संभाग के जिलों में विशेष रूप से गिरे। ग्वालियर, भोपाल, उज्जैन, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में काफी गिरे। शेष संभागों के जिलों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में है। वर्तमान में हवा का रुख भी उत्तरी बना हुआ है। लगातार आ रही सर्द हवाओं के कारण मध्य प्रदेश के तापमान में गिरावट हो रही है।
वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान के आसपास ट्रफ के रूप में बना हुआ है। इसके प्रभाव से उत्तर भारत में वर्षा के आसार बने हुए हैं। साथ ही वहां के पहाड़ों पर बर्फबारी भी होगी। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर रहने के कारण हवाओं का रुख बदलने की संभावना कम है। इस वजह से ठंड के बरकरार रहने के आसार हैं
Posted By: Hemant Kumar Upadhyay
- Font Size
- Close