Madhya Pradesh Weather Update: भोपाल (नईदुनिया प्रतिनिधि)। वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान और उससे लगे उत्तर भारत पर बना हुआ है। इसके प्रभाव से विदर्भ पर एक प्रति चक्रवात बन गया है। इस वजह से हवा का रुख बदलने से दिन एवं रात के तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। उधर, रविवार को मध्य प्रदेश में सबसे कम 5.3 डिग्री सेल्सियस तापमान मलाजखंड में दर्ज किया गया।

बालाघाट में लगातार चौथे दिन भी शीतलहर चली। 12 शहरों में रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक बुधवार तक रात के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। उसके बाद तापमान में फिर कमी होने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश के सभी संभागों के जिलों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। न्यूनतम तापमान शहडोल संभाग के जिलों में काफी बढ़े एवं शेष संभागों के जिलों में कोई विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। न्यूनतम तापमान शहडोल, जबलपुर और नर्मदापुरम संभाग के जिलों में सामान्य से कम एवं शेष संभागों के जिलों में सामान्य रहे।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि पाकिस्तान और उसके आसपास ट्रफ के रूप में पश्चिमी विक्षोभ बना है। यह मौसम प्रणाली कमजोर है, लेकिन इसके प्रभाव से विदर्भ पर बने प्रति चक्रवात के कारण हवाओं का रुख उत्तरी के साथ-साथ ऊपरी स्तर पर दक्षिण-पूर्वी होने लगा है। इस वजह से दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। अभी दो दिनों तक तापमान में बढ़ोतरी होगी। पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने पर तापमान में फिर गिरावट होने लगेगी।

Posted By: Hemant Kumar Upadhyay

Mp
Mp
 
google News
google News