Madhya Pradesh Weather Update : भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। राजस्थान समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में बने कम दबाव और चक्रवाती सिस्टम अब कमजोर पड़ने पड़े हैं। इससे बादल साफ होंगे और प्रदेश में एक बार फिर तेज ठंड पड़ेगी। इधर हवाओं का रुख भी बदलकर उत्तरी व उत्तर-पश्चिमी हो गया है। रविवार को दिन में राजधानी समेत ग्वालियर, सागर संभाग में ठंडी तेज हवाएं चलीं, इससे दिन के तापमान में गिरावट दर्ज करने के साथ ही ठिठुरन का अहसास हुआ।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक सोमवार से मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा। साथ ही न्यूनतम तापमान में गिरावट होने लगेगी। उधर, वातावरण में नमी रहने के कारण सोमवार को मध्य प्रदेश के अधिकतर जिलों में सुबह कोहरा छाने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से चार डिग्रीसे. कम रहा। यह शनिवार के अधिकतम तापमान 26 डिग्रीसे. की तुलना में 4.6 डिग्रीसे.कम रहा।
न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्रीसे. रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से तीन डिग्रीसे. अधिक रहा। साहा ने बताया कि रविवार को आंशिक बादल बने रहे। इसके अलावा हवा का रुख भी उत्तरी, उत्तर-पश्चिमी रहा। हवाओं की अधिकतम रफ्तार भी 24 किलोमीटर प्रति घंटा रही। इसके चलते दिन के तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को न्यूनतम तापमान में भी कमी दर्ज होने के आसार हैं।
तीन सिस्टम अभी भी हैं सक्रिय
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि पाकिस्तान पर बना पश्चिमी विक्षोभ हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में परिवर्तित होकर पंजाब पर सक्रिय हो गया है। इसी तरह राजस्थान पर बना कम दबाव का क्षेत्र भी वर्तमान में हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बदलकर हरियाणा पर बना हुआ है। इसके अतिरिक्त हरियाणा से दक्षिणी उत्तर प्रदेश होकर ओडीशा तक एक ट्रफ भी बना हुआ है। हालांकि इस ट्रफ का मप्र के मौसम पर विशेष प्रभाव नहीं है।
शुक्ला के मुताबिक हवाओं का रुख बदल जाने से रात के तापमान में तेजी से गिरावट होने की संभावना है। उधर, बड़े पैमाने पर नमी रहने से सोमवार-मंगलवार को प्रदेश में अनेक स्थानों पर कोहरा छाने की संभावना है। साथ ही सोमवार को कई जिलों में शीतल दिन भी रहने के आसार हैं।
Posted By: Hemant Kumar Upadhyay
- #Madhya Pradesh Weather Update
- #Madhya Pradesh Weather alert
- #Madhya Pradesh news
- #Rain systems weak
- #cold again in madhya pradesh
- #winter in madhya pradesh
- #मध्य प्रदेश का मौसम
- #मध्य प्रदेश वेदर अलर्ट
- #मध्य प्रदेश में शीतलहर
- #मध्य प्रदेश में बारिश
- #मध्य प्रदेश में ठंड
- #मौसम का मिजाज
- #मध्य प्रदेश समाचार