भोपाल ( नवदुनिया प्रतिनिधि )। राजधानी में नगर निगम की बकाया राशि वसूलने के मामले में आए दिन विवाद की स्थिति बन रही है। विगत शुक्रवार को जलकर का बिल देने पहुंचे नगर निगम कर्मचारी की पिटाई के बाद शनिवार को भी निगम कर्मचारी के साथ बदसलूकी हुई। दरअसल, वार्ड क्रमांक 15 में नगर निगम के कुछ कर्मचारी वार्ड में जाकर बिजली बिल का बकाया जमा करने के लिए लोगों को बिल थमा रहे थे। इस दौरान कुछ लोगों ने कहा कि सभी को एक जैसा बिल थमाया जाना चाहिए। इस पर नगर निगम कर्मचारी ने नल कनेक्शन काटने की धमकी दे दी। इस पर वार्ड की महिलाएं भड़क गई, जिसके चलते महिलाएं बोली की ऐसे कैसे काट देंगे नल कनेक्शन काटकर दिखाओ। इसके बाद गली गलौच होने लगी। इसे देखकर वार्ड के सभी लोग आकर एकत्रित हो गए और सभी ने नगर निगम के कर्मचारियों को घेर लिया। वहीं धमकी भी दी। बता दें कि शुक्रवार को वार्ड क्रमांक 30 स्थित पंपापुर में कर्मचारी प्रमोद साहू बिल बांटने गया। इसी दौरान राकेश पाटिल व कुछ अन्य लोग आए। ये लोग बिल बांटने का विरोध जताने लगे। जब कर्मचारी प्रमोद उन्हें समझाने लगा, तो राकेश ने बिल छीन लिए और मारपीट करने लगे। अचानक हुए हमले से बचने के लिए कर्मचारी प्रमोद ने दौड़ लगा दी। वह वार्ड ऑफिस में पहुंच गया, लेकिन राकेश ने यहां भी पीछा नहीं छोड़ा। वह ऑफिस में घुस गया। प्रमोद से मारपीट करने लगा। जैसे-तैसे प्रमोद व अन्य कर्मचारियों ने गेट बंद किए।
Posted By: Lalit Katariya