Publish Date: | Wed, 15 Mar 2023 08:40 PM (IST)
MP Assembly : भोपाल (राज्य ब्यूरो)। मध्य प्रदेश में लगातार पात्रता परीक्षा हो रही है और यह प्रतिवर्ष आयोजित होगी। जितने भी रिक्त पद हैं, उन सभी को भरने का काम किया जाएगा। जिसने एक बार पात्रता परीक्षा पास कर ली, उसे बार-बार परीक्षा देने की आवश्यकता नहीं होगी। एक विभागीय परीक्षा लेकर हम उन्हें शिक्षक बनाने का काम करेंगे।
जहां तक अनुकंपा नियुक्ति के आधार पर शिक्षक बनने का सवाल है तो हमारी स्पष्ट मान्यता है कि हम शिक्षक के पद पर योग्यता के साथ समझौता नहीं कर सकते हैं। सभी की पात्रता होनी चाहिए, इसलिए पात्रता परीक्षा आयोजित करते हैं। यह बात स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने राजश्री सिंह के अनुकंपा नियुक्ति के लंबित मामलों को पूछे प्रश्न के उत्तर में कही।
स्कूल शिक्षा मंत्री ने सदन में बताया कि अनुकंपा नियुक्ति के 54 मामले शिक्षा विभाग से संबंधित हैं। इनमें कुछ पद निकायों के अधीन थे और उनका शिक्षा विभाग में संविलियन होने के पूर्व निधन हो गया। इस कारण उनकी नियुक्ति का कोई प्रविधान नहीं है। कुछ ने जिस पद की मांग की है, वे उसके दायरे में नहीं आते हैं।
यदि वे पात्रता परीक्षा पास कर लेंगे तो अधिकतर लोगों की विज्ञान शिक्षक के पद पर अनुकंपा नियुक्ति कर देंगे। इसके लिए पात्रता परीक्षा पास करनी होगी, क्योंकि बिना योग्यता के किसी को भी शिक्षक के पद पर भर्ती नहीं कर सकते हैं। शिक्षा का अधिकार अधिनियम में इसका प्रविधान है, जिसका पालन कर रहे हैं। हमने सभी से कहा है कि आप पात्रता परीक्षा पास कर लें। जो शिक्षक नहीं बनना चाहते हैं, उन्हें विभाग अनापत्ति प्रमाण भी दे रहा है, ताकि दूसरे विभाग में पद खाली हैं तो नियुक्ति मिल जाए।
Posted By: Hemant Kumar Upadhyay