MP Assembly : भोपाल (राज्य ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के वर्ष 2023-24 के बजट पर सामान्य चर्चा के उत्तर में वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने इसे अमृतकाल का बजट बताया। उन्होंने कहा कि आने वाले 25 साल तक अमृतकाल का बजट पेश करेंगे। पिछले तीन दिन से बजट पर चल रही सामान्य चर्चा बुधवार को सदन में गहमागहमी के बीच समाप्त हुई। वित्त मंत्री के बजट पर वक्तव्य के दौरान सदन में पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई।
देवड़ा ने बजट को सर्वस्पर्शी और प्रदेश को आगे बढ़ाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि बजट के लिए आमजन से सुझाव लिए गए। इस पर पूर्व वित्त मंत्री तरुण भनोत ने कहा कि केवल दो ऐसे सुझाव बता दें जिसके अनुरूप बजट बनाया गया।इस बीच सदन में जमकर हंगामा हुआ।
भनोत ने वित्त मंत्री से कर्ज को लेकर सवाल किया तो सदन में गहमागहमी शुरू हो गई। कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार का कहना है कि अधिक कर्ज लेना गलत है।
वित्त मंत्री ने कहा कि कोई गलत कर्ज नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि जब-जब कर्ज लिया पूंजीगत व्यय के लिए लिया। कांग्रेस ने तो किसान कर्ज माफी के लिए कर्ज लिया। कांग्रेसियों ने बजट का एक शब्द नहीं सुना है, सारे वर्गों का बजट में समावेश है। नया टैक्स न पहले लगाया गया था और न अभी लगाया गया।
देवड़ा ने कहा कि ई बजट से डेढ़ मीट्रिक टन कागज की बचत होगी। इसके बाद भनोत के प्रश्न के जवाब मेंं देवड़ा राजस्थान का कर्ज बताने लगे, जिस पर विपक्ष ने कहा आप राजस्थान के वित्त मंत्री नहीं हैं। मध्य प्रदेश का कर्ज बताइए। देवड़ा ने कहा कि 10 साल की कांग्रेस सरकार में एक घंटा बिजली नहीं मिलती थी।
इस पर डा गोविंद सिंह ने कहा कि गड़े मुर्दे न उखाड़ें, बजट पर बोलें। इधर बजट पर सामान्य चर्चा में कांग्रेस विधायक सोहन वाल्मीक ने कहा कि सरकारी खर्चे पर विकास यात्रा निकाल कर भाजपा का प्रचार किया गया। यह सरकार का षढयंत्र था।
प्रदेश में कर्ज के सवाल पर दो बार हुआ बहिर्गमन
मध्य प्रदेश मेें कर्ज की स्थिति को लेकर तरुण भनोत के वित्त मंत्री देवड़ा से सवाल पर सदन में हंगामा शुरू हो गया और भनोत बहिर्गमन कर सदन से बाहर चले गए।कुछ देर बाद फिर वापस आकर कर्ज पर सवाल करने लगे तो अध्यक्ष ने उन्हें टोका और कहा कि आप फिर वही सवाल कर रहे हैं, जिस पर आपने बहिर्गमन किया। आप सदन चलने में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। इस पर भनोत ने कहा कि क्या मैं फिर बाहर चला जांऊ। इस पर अध्यक्ष ने कहा कि चले जाइए। इस पर भनोत ने अध्यक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि आप मुझे बाहर जाने को कह रहे हैं। अध्यक्ष जी, आप हमारे संरक्षक हैं। इस पर अध्यक्ष ने कहा कि आपका अधिकार है कि आपको अंदर बैठना है या बाहर जाना है। मैंने आपको बाहर जाने के लिए नहीं कहा।
विपक्ष: सीएम राइज स्कूलों की बात हो रही, पर अन्य स्कूलों में शिक्षक ही नहीं
सत्ता पक्ष: अमृत काल का बजट, सभी वर्ग का रखा ध्यान
बजट पर सामान्य चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष ने अलग-अलग मुद्दों पर एक-दूसरे को घेरने की कोशिश की। कांग्रेस के सदस्य डा.अशोक मर्सकोले ने कहा कि जब स्कूलों में शिक्षकों के नहीं होने की बात की जाती है तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सीएम राइज स्कूल की बात करने लगते हैं। अस्पतालों में डाक्टरों की कमी की बात होती है तो वह नए मेडिकल कालेज खोलने की बात करते हैं। कांग्रेस के अजय टंडन ने कहा कि भाजपा के लोग बोलते हैं कि दिग्विजय सिंह के सीएम रहने के दौरान पेड़ के नीचे स्कूल लगते थे। पेड़ के नीचे कक्षाएं लगी होंगी तो भी शिक्षक थे। एक वर्ष में उन्होंने 40 हजार शिक्षाकर्मी भर्ती किए थे। इस पर सत्ता पक्ष के सदस्यों ने कहा कि उन्होंने पांच सौ रुपये प्रतिमाह में शिक्षाकर्मी भरे थे। हम अब 50 हजार रुपये दे रहे हैंं। कांगे्रेस के हिरालाल अलावा ने कहा कि पीएम आवास योजना में पांच लाख रुपये मिले। पुरानी पेंशन योजना लागू हो। धार, झाबुआ, बड़वानी जैसे आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में मेडिकल कालेज खुलें।
किसने क्या कहा
प्रवीण पाठक (कांग्रेस) : प्रदेश में प्रति व्यक्ति 48 हजार रुपये कर्ज है जो कभी तीन हजार तीन सौ रुपये होता था।
अनिरुद्ध माधव मारू (भाजपा) : हर वर्ग के विकास का बजट है। कांग्रेस सरकार में लाड़ली बहना योजना नहीं थी।
रविंद्र सिंह तोमर (कांग्रेस) : आइआइटी, आइआइएम, मनरेगा, आरटीआइ सब कांग्रेस सरकार की देन है।
दिलीप सिंह परिहार (भाजपा) : मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना शुरू की। बहनें राजनीति में आगे बढ़ रही हैं।
सुनील सराफ (कांग्रेस) : बजट आंकाड़ों की बाजीगरी है। संबल योजना में 1326 करोड़ का बजट 2022-23 में था, जिसे घटाकर छह सौ करोड़ कर दिया।
Posted By: Hemant Kumar Upadhyay