MP Board Exam Result 2023 : भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि )। माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) का 10वीं- 12वीं का परीक्षा का परिणाम गुरुवार दोपहर 12.30 बजे स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री इंदर सिंह परमार ने आनलाइन घोषित किया। इस बार 10वीं में कुल आठ लाख 15 हजार 364 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इनकी सफलता का प्रतिशत 63.29 रहा जो पिछले वर्ष से 3.75 प्रतिशत अधिक है। पिछले वर्ष 59.54 प्रतिशत बच्चे इस कक्षा में पास हुए थे। वहीं 12वीं में कुल सात लाख 27 हजार 44 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इनकी सफलता की दर 55.28 प्रतिशत रही जो पिछले वर्ष की 72.72 प्रतिशत से 17.47 प्रतिशत कम है।

शिक्षा मंत्री ने हायर सेकंडरी के रिजल्ट में गिरावट के लिए कोरोना काल वर्ष 2020 में 10वीं में दिए जनरल प्रमोशन को जिम्मेदार बताया है। हर बार की तरह इस बार भी दोनों कक्षाओं में बेटियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। 10वीं में 66.47 प्रतिशत छात्राएं और 60.26 छात्र उत्तीर्ण हुए हैं, जबकि राज्य स्तरीय टाप टेन मेरिट लिस्ट में कुल 254 विद्यार्थियों ने स्थान पाया है। उधर 12वीं में 58.75 प्रतिशत छात्राएं और 55 प्रतशित छात्र सफल हुए हैं। राज्य स्तरीय मेधावी सूची में 182 विद्यार्थियों ने अपनी जगह बनाई है।

10वीं में इंदौर के मृदुल पाल ने 494 अंक लाकर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। जबकि इंदौर की प्राची गडवाल, सीधी की कीर्ति प्रभा मिश्रा, नरसिंहपुर की स्नेहा लोधी ने 493 अंक लाकर संयुक्त रूप से दूसरा स्थान पाया है। 12वीं में कला संकाय में छिंदवाड़ा की मौली नेमा 489 अंक लाकर टापर बनी हैं।

विज्ञान (गणित) समूह में नर्मदापुरम के नारायण शर्मा 488 अंक, जीव विज्ञान समूह में छतरपुर के विकास द्विवेदी 491 अंक लाकर राज्य स्तरीय मेधावी सूची में प्रथम स्थान हासिल किया है। वाणिज्य समूह में पांच विद्यार्थियों ने एक समान अंक पाकर पहला स्थान पाया है। इनमें खाचरोद की प्रिंसी खेमासारा, खंडवा की अनी जैन, भोपाल के यशवर्धन सिंह मरावी व अनामिका ओझा व मंडला की दिव्यांशी जैन ने 482 -482 अंक लाकर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पाया है।

10 वीं,12वीं दोनों में नरसिंहपुर जिला टाप पर

इस बार छोटे जिलों का परिणाम अच्छा रहा है। हाईस्कूल में जिला नरसिंहपुर 80.29 प्रतिशत लाकर प्रथम स्थान पर और जिला सीहोर 79 प्रतिशत के साथ द्वितीय स्थान पर रहा। हायर सेकंडरी में सर्वाधिक उत्तीर्णता का प्रतिशत नरसिंहपुर जिले का 79.46 रहा है, जबकि दूसरे स्थान पर 73.14 प्रतिशत के साथ नीमच रहा है।

10वीं का परिणाम - 63.29 प्रतिशत उत्तीर्ण

उत्तीर्ण छात्राएं - 66.47 प्रतिशत

उत्तीर्ण छात्र - 60.26 प्रतिशत

12 वीं का परिणाम - 55.28 प्रतिशत

उत्तीर्ण छात्राएं -58.75 प्रतिशत

उत्तीर्ण छात्र - 52.00 प्रतिशत

10वीं: प्रदेश की मेरिट सूची में टाप तीन स्थान पर यह काबिज

नाम- कुल अंक- स्थान

मृदुल पाल - 494 - पहला

प्राची गडवाल - 493 - दूसरा

कीर्ती प्रभा मिश्रा - 493- दूसरा

स्नेहा लोधी - 493 - दूसरा

अनुभव गुप्ता - 492 - तीसरा

अभिषेक परमार - 492 - तीसरा

उन्नति अग्रवाल - 492 - तीसरा

आस्था सिंह राजपूत - 492 - तीसरा

राधा साहू -492 - तीसरा

सुदीक्षा कटारे - 492 - तीसरा

प्रिया ठाकरे - 492 - तीसरा

12वीं में प्रदेश के टापर्स की सूची

विकास द्विवेदी (विज्ञान संकाय) - 491 - पहला

नारायण शर्मा (विज्ञान संकाय) - 488 - पहला

मौली नेमा (कला संकाय) - 489 - पहला

सोनाक्षी परमार (कला संकाय)- 487 - दूसरा

समीका वर्मा (कला संकाय) - 487 - दूसरा

आर्या झिरा (कला संकाय) - 486 - तीसरा

प्रिंसी खेमासारा (वाणिज्य) - 482 - पहला

अनी जैन (वाणिज्य) - 482 - पहला

यशवर्धन सिंह मरावी (वाणिज्य) - 482 - पहला

अनामिका ओझा (वाणिज्य) - 482 - पहला

दिव्यांशी जैन (वाणिज्य) - 482 - पहला

इनका कहना है

इस बार रिजल्ट में 10वीं में 3.75 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी और बारहवीं में 17.47 प्रतिशत की गिरावट आई है । असफलता से विद्यार्थियों को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्हें रुक जाना नहीं योजना के तहत एक और मौका दिया जाएगा। 12वीं के परिणाम में इसलिए गिरावट आई है, क्योंकि कोविड काल के दौरान 10वीं में इन विद्यार्थियों को जनरल प्रमोशन दिया गया था। आगे और बेहतर हो इसका प्रयास करेंगे।

- इंदर सिंह परमार, स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री

Posted By: Hemant Kumar Upadhyay

Mp
Mp