MP Budget 2023 : भोपाल (राज्य ब्यूरो)। राज्य सरकार का तीसरा अनुपूरक बजट गुरुवार को विधानसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों के बीच तीखी बहस के बाद के पारित हो गया। इसमें 16329 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है। 1487 करोड़ रुपये पूंजीगत कार्यों के लिए रखे गए हैं।

अनुपूरक बजट पर चर्चा का जवाब देते हुए वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि बजट में सभी विभागों के लिए राशि का प्रविधान किया गया है।

चर्चा में विपक्ष के सदस्यों ने कहा कि सरकार राशि का अपव्यय कर रही है। बड़ी राशि भ्रष्टाचार और प्रचार-प्रसार में खर्च हो रही है। सत्ता पक्ष के सदस्यों ने विकस योजनाएं गिनाते हुए अनुपूरक बजट को आवश्यक बताया। वित्त मंत्री ने कहा कि सदस्यों ने सुझाव भी दिए हैं, इसमें जो भी उचित होगा करेंगे।

चर्चा की शुरुआत करते हुए कांग्रेस विधायक तरुण भनोत ने कहा कि रिजर्व बैंक आफ इंडिया (आरबीआइ) लगातार चेतावनी दे रहा है कि मध्य प्रदेश हिंदुस्तान के प्रथम पांच राज्यों में है जहां कभी भी आर्थिक आपात काल लगाना पड़ सकता है।

स्वास्थ्य विभाग, पीडब्ल्यूडी को जितना पैसा मिलना चाहिए, वह नहीं मिला और आप तीसरा अनुपूरक बजट ला रहे हैं। इस पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने तीखी आपत्ति की। उन्होंने कहा, आरबीआइ ने कहां बोला है। भनोत ने कहा- मैं तो आरबीआइ का कागज दे दूंगा।

सारंग ने कहा-आप जीतू जैसा मत करो। सदन में इस तरह की बातें मत करो। भनोत ने कहा- अध्यक्ष महोदय, अगर पटल यह कागज कल मैं आपको न दे दूं तो मेरी विधानसभा की सदस्यता समाप्त कर दीजिएगा। आज प्रदेश कर्ज में डूबा हुआ है। विभागों को बजट में प्रविधान होने के बाद राशि नहीं दी जा रही है। पूंजीगत व्यय बहुत कम है।

वहीं, कमलेश्वर पटेल ने कहा कि लेन-देन के बिना कोई काम नहीं होता। आज-कल तो सरकार रिचार्ज पर चलती है। मैसेज आता है तुम्हारा कूपन खत्म हो गया है, रिचार्ज कराओ। कांग्रेस के सदस्य पीसी शर्मा ने कहा कि भोपाल में स्मार्ट सिटी के लिए राशि का प्रविधान नहीं किया गया है। राजधानी के साथ ऐसा सौतेला व्यवहार क्यों। आयुष्मान योजना में अस्पतालों के तीन-तीन, चार-चार करोड़ रुपये डूब गए।

कांग्रेस की ओर से विनय सक्सेना, हिना कांवरे, संजय यादव, महेश परमार, कुणाल चौधरी ने भी अनुपूरक बजट पर प्रश्न उठाए। सत्ता पक्ष के जालम सिंह पटेल, डा. राजेन्द्र पाण्डेय, आशीष गोविंद शर्मा, देवेंद्र वर्मा ने अनुपूरक बजट को विकास के जरूरी बताते हुए अपना पक्ष रखा।

Posted By: Hemant Kumar Upadhyay

Mp
Mp
  • Font Size
  • Close