MP Congress: भोपाल (राज्य ब्यूरो)। इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद पर अरविंद बागड़ी की नियुक्ति का विरोध करने वाले नेताओं को कांग्रेस की अनुशासन समिति ने नोटिस जारी किया है। इसमें पूर्व अध्यक्ष विनय बाकलीवाल भी शामिल हैं। इन सभी से सात दिन के भीतर जवाब देने के लिए कहा गया है। यदि जवाब नहीं दिया जाता है तो फिर एकतरफा कार्यवाही की जाएगी।
विरोध करने कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ की अनुशंसा पर जिला कांग्रेस इकाइयों के नए अध्यक्षों की नियुक्ति की है। इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष बदले जाने को लेकर विरोध के स्वर उठे। जिला कार्यालय के समक्ष कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस प्रभारी जयप्रकाश अग्रवाल ने अरविंद बागड़ी की नियुक्ति पर रोक लगा दी थी। इसके बाद भी विरोध जताने के लिए विनय बाकलीवाल समर्थकों के साथ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे, जहां नारेबाजी भी की गई।
पार्टी की रीति-नीति के विरुद्ध आचरण
पार्टी ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए विनय बाकलीवाल, पुखराज राठौर, नीलेश सेन, इम्तियाज बेलिम, संजय बाकलीवाल, गणपति जारवाल और जिनेश झांझरी को नोटिस जारी किया है। अनुशासन समिति के उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर ने बताया कि मनोनीत अध्यक्ष के विरुद्ध शहर कांग्रेस कार्यालय के सामने अनुचित नारे लगाए गए और पार्टी की रीति-नीति के विरुद्ध आचरण किया गया। यह कृत्य अनुशासनहीनता के दायरे में आता है, इसलिए नोटिस दिया गया है कि क्यों न आपको पार्टी की सदस्यता से निष्कासित किया जाए।
Posted By: Prashant Pandey
- Font Size
- Close