भोपाल (राज्य ब्यूरो)! मध्य प्रदेश कांग्रेस अब ऐसे अधिकारियों-कर्मचारियों की सूची तैयार करेगी, जिन्होंने पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव में पक्षपात किया है। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने सभी कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे जिस अधिकारी ने पक्षपात किया है, उसका नाम, पदनाम, जिला और किस तरह चुनाव को सत्तारूढ़ दल के पक्ष में प्रभावित किया, उसकी जानकारी भेजी जाए। जिलों से प्राप्त होने वाली जानकारी के आधार पर प्रदेश महामंत्री और चुनाव कार्य के प्रभारी जेपी धनोपिया सूची तैयार करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को दिए संदेश में कहा कि पंचायत चुनाव के दो और नगरीय निकाय के पहले चरण के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों को जनता का समर्थन मिला है। पंचायत चुनाव की मतगणना के रुझान में कांग्रेस को ज्यादातर स्थानों पर जीत प्राप्त हुई है। इससे सत्ता में बैठी भाजपा अब किसी भी तरह से चुनाव परिणाम को प्रभावित करने के प्रयास कर रही है। पुलिस, प्रशासन और धनबल का दुरुपयोग किया जा रहा है। कई जगहों से अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा कांग्रेस के प्रत्याशियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के विरुद्ध अधिकारों का दुरुपयोग कर झूठे प्रकरण बनाए गए हैं। कांग्रेस समर्थित जिला और जनपद पंचायत के सदस्यों पर भाजपा का पक्ष लेने के लिए अधिकारियों द्वारा दबाव बनाया जा रहा है। चुनाव के दौरान भी कई अधिकारियों ने भाजपा के अभिकर्ता के तौर पर काम किया। ऐसे सभी मामलों में प्रदेश कांग्रेस अधिकारियों-कर्मचारियों की सूची तैयार करेगी। इसके लिए प्रत्याशियों के अलावा जिला प्रभारियों से प्रदेश कांग्रेस कार्यालय को जानकारी देने के लिए कहा है। इसके आधार पर सूची तैयार होगी। जानकारी देने के लिए पार्टी ने 9425983398 वाटसएप नंबर भी जारी किया है।
15 माह बाद होगा न्याय
कमल नाथ ने कहा कि यह सबको स्पष्ट होना चाहिए कि 15 माह बाद मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने वाली है। जो कर्मचारी और अधिकारी आज पद का दुरुपयोग कर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई कर रहे हैं, उन सभी के साथ न्याय होगा।
Posted By: Ravindra Soni
- Font Size
- Close