MP Election 2023: वैभव श्रीधर, भोपाल। नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस ने आदिवासियों के बाद अब अनुसूचित जाति वर्ग के मतदाताओं को साधने पर ध्यान केंद्रित कर दिया है। भाजपा जहां पांच फरवरी को संत रविदास जयंती से प्रदेशभर में विकास यात्रा की शुरुआत करने जा रही है, वहीं आठ फरवरी को सागर में संत रविदास महाकुंभ किया जाएगा।

कांग्रेस भी इसमें पीछे नहीं है। पांच फरवरी को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ग्वालियर के थाटीपुर दशहरा मैदान पर आयोजित समारोह में शामिल होंगे। पार्टी के अनुसूचित जाति विभाग के सभी जिलों में अध्यक्ष भी नियुक्त कर दिए गए हैं ताकि वे अपनी टीम बनाकर मैदानी स्तर पर संपर्क अभियान चलाने में जुट जाएं।

प्रदेश में अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 35 सीटें आरक्षित हैं। वर्ष 2018 के चुनाव में इनमें से कांग्रेस ने 18 और भाजपा ने 17 सीटें जीती थीं। जबकि, 2013 के चुनाव में भाजपा के पास 28 सीटें थीं। प्रदेश की कुल जनसंख्या में 2011 की जनगणना के अनुसार अनुसूचित जाति वर्ग की जनसंख्या 15.6 प्रतिशत है।

इनका प्रभाव आरक्षित सीटों के अलावा अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी है, जो परिणाम को प्रभावित करते हैं। इसे देखते हुए शिवराज सरकार ने जहां कई योजनाएं प्रारंभ की हैं, वहीं विकास यात्रा भी संत रविदास की जयंती से पांच फरवरी को प्रदेश में प्रारंभ की जा रही है। इस दिन सभी जगह संत रविदास को नमन करने के बाद यात्रा की शुरुआत की जाएगी।

आठ फरवरी को सागर में संत रविदास महाकुंभ का आयोजन होगा। पार्टी का अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ भी संपर्क अभियान चला रहा है। पार्टी के प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल का कहना है कि हमसे कोई वर्ग छूटे न और सभी वर्गों को जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।

उधर, कांग्रेस ने भी अनुसूचित जाति वर्ग के मतदाताओं पर पकड़ बनाने के लिए संपर्क अभियान प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। इसकी जिम्मेदारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने पार्टी के अनुसूचित जाति विभाग को दी है। संगठन के जिला अध्यक्ष भी नियुक्त कर दिए गए हैं ताकि वे मतदान केंद्र स्तर पर टीम बनाकर मतदाता संपर्क अभियान को संचालित करें।

साथ ही पांच फरवरी को ग्वालियर में संत रविदास की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया है। इसमें ग्वालियर-चंबल संभाग के कार्यकर्ता और समाज के प्रमुख व्यक्ति भागीदारी करेंगे। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा का कहना है कि अनुसूचित जाति वर्ग कांग्रेस की रीति-नीति का समर्थन करता आया है। हमेशा कांग्रेस की सरकार ऐसे सभी वर्गों के सहयोग से बनी है। भाजपा द्वारा हर वर्ग के साथ छल किया गया और यह अधिक दिनों तक नहीं चलता है।

Posted By: Hemant Kumar Upadhyay

Mp
Mp
 
google News
google News