MP Election 2023: भोपाल (राज्य ब्यूरो)। नवंबर में होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश कांग्रेस के दिग्गज नेता की शुक्रवार को दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ प्रस्तावित बैठक देर शाम स्थगित हो गई। इसमें चुनाव अभियान संचालन, प्रबंधन आदि समितियों के गठन पर चर्चा होनी थी। नई तारीख जल्द ही दी जाएगी।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डा.गोविंद सिंह ने बताया कि शुक्रवार को प्रस्तावित बैठक स्थगित कर दी गई है। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ, दिग्विजय सिंह सहित प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं को भाग लेना था। इसके लिए पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव गुरुवार को दिल्ली पहुंच गए।
उधर, प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों का कहना है कि चुनाव प्रचार अभियान किस तरह से संचालित होगा और किस नेता की क्या भूमिका रहेगी, इस पर पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ होने वाली बैठक में निर्णय होगा। विभिन्न समितियां गठित कर वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी दी जा सकती हैं। चुनाव अभियान के संचालन के लिए प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेताओं को शामिल करते हुए समिति बनाने पर विचार किया जा रहा है। इसके साथ ही अलग-अलग अंचल से यात्रा निकालना भी प्रस्तावित है।
कर्नाटक की तरह ही मुद्दा आधारित चुनाव लड़ेगी कांग्रेस
सूत्रों का कहना है कि जिस तरह कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने मुद्दा आधारित चुनाव लड़ा था, वैसी ही कार्ययोजना मध्य प्रदेश के लिए भी बनाई जाएगी। भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई, अनुसूचित जाति-जनजाति और पिछड़ा वर्ग के साथ हो रहे अन्याय, किसानों की ऋण माफी, कानून व्यवस्था को चुनाव में मुद्दा बनाया जाएगा। इसमें इंटरनेट मीडिया के सभी माध्यमों का भरपूर उपयोग किया जाएगा। इसको लेकर पार्टी के मीडिया विभाग के प्रचार प्रभारी पवन खेड़ा और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत की कमल नाथ, मीडिया और सोशल मीडिया टीम के साथ बैठक हो चुकी है।
सभी अंचलों में होंगी राष्ट्रीय नेताओं की जनसभाएं
प्रदेश कांग्रेस ने राष्ट्रीय नेताओं की सभी अंचलों में जनसभाएं कराने की कार्ययोजना बनाई है। पार्टी नेताओं का कहना है कि अक्टूबर में ग्वालियर, सागर, रीवा, भोपाल, जबलपुर और इंदौर में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की सभाएं प्रस्तावित की गई हैं।
Posted By: Hemant Kumar Upadhyay
- # MP Election 2023
- # madhya pradesh congress
- # madhya pradesh news
- # mp assembly election 2023
- # kamalnath
- # congress national president