MP News: भोपाल(राज्य ब्यूरो)। कालोनियों को वैध करने, बुजुर्गों को हवाईजहाज से तीर्थयात्रा कराने और किसानों के कर्ज का ब्याज माफ करने के निर्णय को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने ऐतिहासिक बताते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया है।

उन्‍होंने कहा कि भाजपा प्रदेश में सकारात्मक राजनीति करते हुए आगे बढ़ रही है, हमें न कांग्रेस के आरोपों की चिंता है और उनसे जनता प्रभावित होने वाली है। दिसंबर 2022 तक की सभी कालोनियां वैध घोषित कर दी जाएंगी, उनकी प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है, जो जून-23 तक पूरी हो जाएगी।

शर्मा ने कहा कि पार्टी ने प्रदेश में विकास का माडल प्रस्तुत किया है। हमने जनता के सपने पूरे किए हैं, कांग्रेस सरकार ने तो तीर्थदर्शन योजना बंद कर दी थी। दुर्भाग्य है कमल नाथ को कांग्रेस की नहीं, कमीशन की चिंता थी और है।

उन्‍होंने कहा कि भाजपा सरकार हवाईजहाज से तीर्थयात्रा करा रही है तो कमल नाथ और कांग्रेस को दर्द क्यों हो रहा है? नाथ को केवल सवाल उठाना आता है। वे कहते हैं कि हिंदू राष्ट्र के बारे में दिग्विजय सिंह या कांग्रेस को परेशानी क्यों है। पीएफआइ की तुलना बजरंग दल से करते हैं, देश-प्रदेश की जनता जानती है, कांग्रेस का नेतृत्व 24 घंटे तुष्टीकरण की राजनीति करता है। कांग्रेस को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भय सताता है।

शर्मा ने कहा कि कमल नाथजी ने सही कहा कि मैं उनके कद का नहीं हूं। मैं किसान का बेटा हूं और नाथ उद्योगपति, मुझे उनके कद का नहीं बनना। अब झूठ बोलने से काम नहीं चलेगा, आधार दो।

Posted By: Hemant Kumar Upadhyay

Mp
Mp