Madhya Pradesh News: भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। मध्यप्रदेश के आउटसोर्स बिजली कर्मचारी शुक्रवार को काम पर लौट आए हैं। वे अपनी कुछ मांगों को लेकर विगत 21 जनवरी से हड़ताल कर रहे थे। इनका कहना है कि ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के साथ मांगों के समाधान के लिए जल्द बैठक होगी। दरअसल ऊर्जा मंत्री ने एक वीडियो जारी कर इन कर्मचारियों से काम पर लौटने की अपील की थी।

हालांकि आउटसोर्स संविदा कर्मचारी संघ के भोपाल जिला अध्यक्ष निखिल यादव का कहना है कि कई जिलों में आउटसोर्स कर्मचारियों को काम पर नहीं लिया जा रहा है, उसकी सूची तैयार कराई जा रही है। आउटसोर्स संविदा कर्मचारी संघ के साथ-साथ तकनीकी कर्मचारी संगठन और विद्युत अधिकारी कर्मचारी कल्याण संघ भी हड़ताल कर रहा था। उनके समर्थन में यूनाइटेड फोरम फार पावर एम्प्लाइज एवं इंजीनियर संगठन भी आया था। हालांकि एक दिन बाद ही उसके तेवर नरम पड़ गए और फिर इनके हड़ताल पर जाने से बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर असर पड़ रहा था। विगत दिनों भोपाल में तो कई इलाकों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था बिगड़ गई थी। बारिश और तेज हवा चलने से कई क्षेत्रों में घंटों तक बिजली गुल रही थी। इससे लोगों में भी बिजली कंपनी के प्रति नाराजगी बढ़ रही थी। दरअसल आउटसोर्स कर्मचारी संविदा कर्मचारियों का दर्जा मांग रहे हैं तो संविदा कर्मचारी स्थायी करने की मांग लंबे समय से कर रहे हैं। इसके अलावा इनकी नियमितीकरण की मांग तो है ही।

Posted By: Ravindra Soni

Mp
Mp
  • Font Size
  • Close