MP Politics: भोपाल(राज्य ब्यूरो)। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के ठीक पहले सागर जिले में भाजपा नेताओं में वर्चस्व की लड़ाई के मामले में बुधवार को लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव ने सफाई दी है।
उन्होंने कहा कि मंगलवार को हम मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और संगठन के वरिष्ठ नेताओं से संगठनात्मक विषयों और आकांक्षी विधानसभा सीटों को जीतने की रणनीति पर चर्चा करने गए थे, इसे गलत तरीके से प्रचारित किया गया है।
भार्गव ने कहा कि भाजपा के सभी विधायक, मंत्री, सदस्य, पदाधिकारी एक हैं। हम मुट्ठी की तरह बंधे हुए हैं और हमारी यह सौगंध है कि विधानसभा चुनाव में दो तिहाई सीटें लेकर भाजपा को पूर्व बहुमत और लोकसभा चुनाव में शतप्रतिशत सीटें लेने में सफलता प्राप्त करेंगे।
भार्गव ने कहा कि मध्य प्रदेश में मैं भाजपा का संस्थापक सदस्य हूं। वर्ष 1980 से पक्ष-विपक्ष में रहते हुए विधायक हूं। मैंने मां की तरह भाजपा की सेवा की है। इस बारे में किसी को शंका नहीं होनी चाहिए। प्रदेश में पार्टी का सबसे वरिष्ठ सदस्य होने के नाते मैं कहना चाहता हूं कि बुंदेलखंड और महाकोशल क्षेत्र में मैंने पार्टी को खड़ा करने में जो समय लगाया है, वह भविष्य में पार्टी को और मजबूत करने में सार्थक सिद्ध होगा।
उधर, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ पर लक्ष्य साधते हुए ट्वीट किया है कि भार्गव ने कमल नाथ और उनके झूठ को करारा जवाब दिया है। हम जानते हैं कि प्रदेश कांग्रेस हताश, निराश और बौखलाई हुई है। सब जानते हैं कि 1984 के सिख दंगा विषय फिर ज्वलंत है। इसलिए कमल नाथ की पेड आर्मी कभी शिवराज जी तो कभी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा पर अनर्गल और असत्य आरोप लगाकर सस्ती और घटिया राजनीति कर रही है।
Posted By: Hemant Kumar Upadhyay