Budget 2023 : भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। इस बार के बजट में मध्य प्रदेश को बड़ी सौगात मिली है। मध्यप्रदेश की रेल संरचना के विकास के लिए आवंटित करीब 13607 करोड़ रुपये की राशि में करीब 80 स्टेशनों का नवीनीकरण किया जाएगा। भोपाल रेल मंडल के 15 स्टेशनों के विकास के लिए भी इस बार केंद्र से बड़ा बजट मिलने की उम्मीद है।
पिछले वित्तीय वर्ष 2022-23 में भोपाल रेल मंडल को 585 करोड़ रुपये का बजट आवंटित हुआ था। मध्य प्रदेश को मिले बजट के आधार पर माना जा रहा है कि भोपाल रेल मंडल को पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 35 प्रतिशत तक अधिक राशि स्टेशनों और रेल लाइनों सहित अन्य विकास कार्यों के लिए मिल सकती है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पूरे देश में 1000 स्टेशनों का विकास किए जाने की योजना है। इन सभी स्टेशनों का विकास ओडिशा के खुर्दा जंक्शन की तर्ज पर किया जाएगा।
इन स्टेशनों का होगा विकास
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत भोपाल मंडल के हरदा, खिरकिया, बानापुरा, इटारसी जंक्शन, नर्मदापुरम, संत हिरदाराम नगर, सांची, विदिशा, गंजबासोदा, अशोकगनर, गुना, शिवपुरी, रूठियाई, ब्यावरा-राजगढ एवं शाजापुर के विकास के लिए बजट आवंटित किया गया है।
होंगे ये विकास कार्य
1. उच्च स्तरीय प्लेटफॉर्म
2. बेहतर तरीके से निर्मित साईनेजेज
3. स्टेशन पहुंच मार्ग
4. सुनियोजित पार्किंग
5. बेहतर प्रकाश व्यवस्था
6. दिव्यांगजनों के अनुकूल स्टेशन
ये काम भी होंगे
योजना के तहत विभिन्न ग्रेड के प्रतीक्षालय को एक साथ करने का प्रयास किया जा रहा है। स्टेशन पर यात्रियों के लिए अच्छा कैफेटेरिया और खरीदारी के लिए विभिन्न सामग्रियों की फुटकर सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। सभी स्टेशनों पर उच्च स्तरीय प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे।
Posted By: Lalit Katariya
- Font Size
- Close