MP Voter List: भोपाल (राज्य ब्यूरो)। प्रदेश में एक जनवरी 2023 की स्थिति में मतदाता सूची तैयार हो चुकी है। इसमें नामों के दोहराव की शिकायत सामने आई हैं। सोनकच्छ विधानसभा क्षेत्र में दो हजार से ज्यादा मतदाताओं के नाम दो स्थान पर होने की शिकायत पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने की है। वहीं, इंदौर जिला निर्वाचन कार्यालय से 50 बोरी निर्वाचन सामग्री चोरी होने की घटना भी सामने आई है।
मतदाता सूची की शिकायतों को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन का कहना है कि जहां पर मतदाता सूची में दोहराव की शिकायतें हैं, वहां अभियान चलाकर जांच कराई जाएगी। उधर, प्रदेश कांग्रेस ने 12 फरवरी को मतदाता सूची से जुड़े विषय को लेकर प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक बुलाई है।
प्रदेश में विशेेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाकर एक जनवरी 2023 की स्थिति में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जा चुका है। इसके आधार पर ही आगामी विधानसभा चुनाव कराया जाएगा।
मतदाता सूची को लेकर कांग्रेस और भाजपा सतर्क हैं क्योंकि नगरीय निकाय चुनाव के समय कई पात्र मतदाताओं के नाम सूची से कट गए थे और कई मतदाताओं के मतदान केंद्र बिना सूचना दिए बदल दिए गए थे।
इससे मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करने से वंचित रह गए थे। भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने इसको लेकर शिकायत भी की थी। नई मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद भी गड़बड़ियों की बात सामने आ रही है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सज्जन सिंह वर्मा ने बताया कि मेरे विधानसभा क्षेत्र सोनकच्छ में दो हजार से अधिक मतदाताओं के नाम दो स्थान पर हैं। इसमें अधिकतर महिलाएं हैं। इससे चुनाव में फर्जी मतदान की आशंका है, इसलिए जांच कराई जानी चाहिए।
यह केवल एक विधानसभा क्षेत्र का मामला नहीं है। यही कारण है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने 12 फरवरी को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक बुलाई है,। इसमें मतदाता सूची का विधानसभा स्तर पर सत्यापन कराने के संबंध में चर्चा की जाएगी।
प्रदेश भाजपा भी मतदाता सूची में पात्र मतदाताओं के नाम शामिल कराने के लिए बूथ सशक्तीकरण अभियान के अंतर्गत काम कर रही है। उधर, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि शिकायत मिली है। इसकी जांच कराई जाएगी। अभियान चलाकर दो स्थान पर दर्ज मतदाताओं के नाम एक स्थान से हटाया जाएगा।
प्रदेश में मतदाताओं की स्थिति
कुल मतदाता- पांच करोड़ 39 लाख 87 हजार 876
पुरुष मतदाता- दो करोड़ 79 लाख 62 हजार 711
महिला मतदाता- दो करोड़ 60 लाख 23 हजार 733
अन्य मतदाता- एक हजार 432
आयुवार मतदाताओं की स्थिति
आयु समूह- मतदाता
18-19--11,81,747
20-29-- 1,29,52,421
30-39-- 1,44,14, 970
40-49-- 1,06,97,272
50-59-- 75,61,044
60-69-- 43,76,889
70-79-- 20,63,272
80 या उससे अधिक-- 7,40,261
Posted By: Hemant Kumar Upadhyay