भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से हवाओं का रुख बदलने लगा है। इससे रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगी है। इससे ठंड से कुछ राहत मिलने लगी है। उधर आसमान साफ होने से धूप में भी दोपहर के समय तल्खी बढ़ गई है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक रविवार से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से रात के तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है। उधर शनिवार को मध्य प्रदेश में सबसे कम 5.1 डिग्री सेल्सियस तापमान उमरिया में दर्ज किया गया। बालाघाट में तीसरे दिन भी शीतलहर रही। मध्य प्रदेश के 17 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को राजधानी भोपाल का न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। यह शुक्रवार के न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस की तुलना में एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री तापमान रिकार्ड किया गया था। जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा था। साथ ही गुरुवार के अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस की तुलना में 2.9 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा था।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के आसपास ट्रफ के रूप में बना हुआ है। इस मौसम प्रणाली के असर से हवाओं का रुख उत्तरी होने के साथ-साथ अब उत्तर-पूर्वी भी होने लगा है। इस वजह से रात का तापमान कुछ बढ़ने लगा है। रविवार से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत को प्रभावित करने लगेगा। इससे रात के तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत से आगे बढ़ जाने के बाद एक बार फिर रात के तापमान में गिरावट होने लगेगी।
Posted By: Ravindra Soni
- Font Size
- Close