भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। मध्‍य प्रदेश में मौसम फ‍िर बदला गया है। नीमच और विदिशा जिले में तेज बारिश हुई है। राजधानी भोपाल में कुछ स्‍थानों पर ओले गिरे हैं। गुरुवार शाम भोपाल के कुछ क्षेत्रों में ओले गिरने की जानकारी मिली है। तेज बारिश के कारण माहौल में ठंडक आ गई। जानकारी के अनुसार अयोध्‍या बायपास इलाके में लगभग पांच मिनट तक ओले गिरे। भोपाल के समीप रायसेन और सागर जिले में भी हल्‍की बारिश हुई।नीमच और विदिशा जिले में भी कुछ स्‍थानों पर तेज बारिश हुई। मंदसौर जिले में भी बारिश के साथ ओले गिरे हैं।

अलग-अलग स्थानों पर बनी तीन मौसम प्रणालियों के असर से वातावरण में नमी आ रही है। इस वजह से बादल छा रहे हैं। साथ ही कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ वर्षा भी हो रही है। इसी क्रम में गुरुवार को पिछले 24 घंटों के दौरान सुबह साढ़े आठ बजे तक मध्य प्रदेश के खरगोन में 3.6, छिंदवाड़ा में 2.6, बैतूल में 1.6, भोपाल में 1.4, दमोह में एक, इंदौर में 0.1 मिलीमीटर वर्षा हुई। मलाजखंड, उज्जैन में बूंदाबांदी हुई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक गुरुवार को दोपहर बाद राजधानी भोपाल सहित मध्य प्रदेश के अधिकतर शहरों में गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है। इस दौरान कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार को राजधानी में अलग-अलग स्थानों पर बूंदाबांदी हुई। सुबह 10 बजे तक बादल बने रहे। उसके बात हल्‍की धूप निकल आई। शाम को फ‍िर मौसम बदल गया।

राजधानी का न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। यह बुधवार के न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस की तुलना में 2.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि बादल बने रहने के कारण रात के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। दरअसल वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान के आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। उत्तर-पूर्वी राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात बना हुआ है।

साथ ही दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इन तीन मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने के साथ ही हवा का रुख भी दक्षिणी बना हुआ है। इस वजह से वातावरण में नमी बढ़ रही है। इससे बादल छा रहे हैं। साथ ही वर्षा भी हो रही है। मौसम का इस तरह का मिजाज अभी दो-तीन दिन बना रहने की संभावना है।

Posted By: Ravindra Soni

Mp
Mp
  • Font Size
  • Close