MP Weather Update: भोपाल (नईदुनिया प्रतिनिधि)। अलग-अलग स्थानों पर चार मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी अफगानिस्तान के पास बन गया है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक बुधवार से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। नमी बढ़ने के साथ प्रदेश के अधिकतर जिलों में बूंदाबांदी हो सकती है।

मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक रीवा में पांच, सतना में तीन, सिवनी में एक मिलीमीटर वर्षा हुई। खजुराहो में बूंदाबांदी हुई। इसके बावजूद सबसे अधिक 45.6 डिग्री सेल्सियस तापमान यहीं दर्ज किया गया। टीकमगढ़ में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों स्थानों पर लू चली। मंगलवार को देश के सबसे गर्म 10 शहरों में पांच मध्य प्रदेश के रहे। गुरुवार से नौतपा (25 मई से दो जून तक का समय) भी शुरू होंगे। नौतपा में वर्षा होने की संभावना बनी हुई है।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में पाकिस्तान के मध्य में हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। बिहार में भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इस चक्रवात से लेकर छत्तीसगढ़ तक एक द्रोणिका लाइन बनी हुई है। विदर्भ से लेकर तमिलनाडु तक भी एक ट्रफ लाइन बनी है।

अफगानिस्तान के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में हवा का रुख पश्चिमी, दक्षिण-पश्चिमी बना हुआ है। अरब सागर में मौजूद प्रति चक्रवात के असर से हवाओं के साथ नमी भी आ रही है।

शुक्ला के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के असर से बुधवार से मौसम के मिजाज में परिवर्तन आने की संभावना है। विशेषकर ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा संभाग के जिलों में बादल छाने के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। शेष संभागों में भी बादल छा सकते हैं। कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है। इस बार नौतपा में वर्षा होने की संभावना है।

प्रदेश के पांच सबसे गर्म शहर

शहर अधिकतम तापमान

खजुराहो 45.6

दतिया 45.4

नौगांव 45.0

टीकमगढ़ 45.0

ग्वालियर 44.8

-----------------

नोट:- तापमान डिग्री सेल्सियस में।

Posted By: Hemant Kumar Upadhyay

Mp
Mp