MP Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ के असर से हवाओं का रुख बदलने लगा है। इस वजह से रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगी है। उधर, शनिवार को मध्य प्रदेश में सबसे कम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस उमरिया में दर्ज किया गया। बालाघाट में लगातार तीसरे दिन शीतलहर रही। मौसम विज्ञानियों के अनुसार रविवार को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित करने लगेगा। जिसके चलते न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं, जिससे ठंड से राहत मिलेगी।

न्यूनतम तापमान में नहीं हुआ परिवर्तन

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार-शनिवार को मध्य प्रदेश के सभी संभागों के जिलों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। शनिवार को न्यूनतम तापमान में सभी संभागों में कोई विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। न्यूनतम तापमान शहडोल संभाग में सामान्य से काफी कम व भोपाल, जबलपुर और नर्मदापुरम संभाग में सामान्य से कम रहे। शेष संभागों में सामान्य रहे।

मौसमी सिस्टम का अपडेट

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में ट्रफ के रूप में बना हुआ है। इसके प्रभाव से हवा का रुख उत्तरी एवं उत्तर-पूर्वी होने लगा है। इससे न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। रविवार से एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी उत्तर भारत को प्रभावित करने लगेगा। उसके प्रभाव से न्यूनतम तापमान में और बढ़ोतरी होने का सिलसिला शुरू होगा।

तापमान में हो सकती है बढ़ोतरी

सोमवार तक न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। उधर दिन के तापमान में भी कुछ बढ़ोतरी होने की संभावना है। इससे फरवरी के आगमन के बाद भी पड़ रही तीखी सर्दी से राहत मिलेगी। हिमालयी क्षेत्रों में रविवार को आने वाले पश्चिमी विक्षोभ के मंगलवार तक उत्तर भारत से आगे बढ़ने का अनुमान है जिसके बाद एक बार फिर रात के तापमान में गिरावट होने लगेगी।

Posted By: Kushagra Valuskar

Mp
Mp
 
google News
google News