MP Weather Update: भोपाल, (नवदुनिया प्रतिनिधि)। मध्य प्रदेश के आसपास बनी हुई दो द्रोणिका लाइन और पाकिस्तान के पास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक गुरुवार को ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा, शहडोल संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा होगी। गुरुवार से नौतपा की शुरुआत होगी।

शेष संभागों के जिलों में बादल छाने के साथ गरज-चमक की स्थिति बनने के आसार हैं। इससे दिन के तापमान में गिरावट होगी। उधर बुधवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक सिवनी में एक, ग्वालियर में 0.2 मिलीमीटर वर्षा हुई। 22 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा।

सबसे अधिक 45 डिग्री सेल्सियस तापमान खजुराहो एवं टीकमगढ़ में दर्ज किया गया। इन दोनों शहरों में लू का प्रभाव रहा। उधर गुरुवार से नौतपा (25 मई से दो जून तक का समय) भी शुरू हो रहे हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में पाकिस्तान के पास एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। उत्तरी पाकिस्तान और उससे लगे पंजाब पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर बंगाल तक एक द्रोणिका बनी हुई है, जो दक्षिणी उत्तर प्रदेश से होकर गुजर रही है।

इसके अतिरिक्त दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश से लेकर कर्नाटक तक भी एक द्रोणिका बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि अलग-अलग स्थानों पर बनी इन मौसम प्रणालियों के अलावा अरब सागर में एक प्रति चक्रवात अभी भी बना हुआ है। हवाओं का रुख पश्चिमी एवं दक्षिण-पश्चिमी बना हुआ है। लगातार नमी मिलने के कारण ग्वालियर, चंबल संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा होने लगी है। गुरुवार को भी ग्वालियर, चंबल के अलावा सागर, रीवा, शहडोल संभागों के जिलों में वर्षा होने की संभावना है।

Posted By: Hemant Kumar Upadhyay

Mp
Mp