भोपाल। प्रदेश में 25 नवंबर से मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने का सिलसिला शुरू होगा। एक जनवरी 2020 को 18 साल की आयु पूरी करने वालों के नाम सूची में शामिल किए जाएंगे। इसके मद्देनजर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वीएल कांताराव ने शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से कलेक्टरों से बात की।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 25 नवंबर को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा। इसके साथ ही नाम जोड़ने के लिए आवेदन लेने का काम शुरू हो जाएगा। बूथ लेवल ऑफिसर घर-घर संपर्क करेंगे। 20 जनवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इसके साथ ही इस दौरान ऐसे मतदाता जिनके पास ब्लैक एंड वाइट फोटो वाले मतदाता परिचय पत्र हैं, उनके फोटो रंगीन में तब्दील किए जाएंगे।
भाजपा के मंडल चुनाव स्थगित
भाजपा संगठन चुनाव में शनिवार 9 नवंबर से प्रारंभ होने वाले चुनाव स्थगित कर दिए गए हैं। ऐसा अयोध्या मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को देखते हुए किया गया है। अब नई तारीख क्या होगी इसका फैसला बाद में लिया जाएगा। संगठन ने मंडल अध्यक्षों की आयुसीमा 35 साल की जगह बढ़ाकर 39 साल कर दी है। जानकारी के मुताबिक पार्टी संगठन चुनाव में आपसी समन्वय से निर्विरोध मनोनयन के पक्ष में है।
पार्टी के पदाधिकारियों ने आपसी समन्वय से अध्यक्ष के सिंगल नाम तय करने के निर्देश दिए हैं। निर्वाचन अधिकारियों से कहा गया है कि केंद्रीय नेतृत्व द्वारा ही सारे नियम तय हुए हैं इसलिए सख्ती से पालन होना चाहिए। मंडल अध्यक्षों के मामले में हर हाल में इस बात का ध्यान रखा जाना चाहिए कि वह हर हाल में अधिकतम 39 वर्ष तक आयु का ही हो। विशेष परिस्थिति में ही इसमें रियायत बरती जाएंगी। उम्रसीमा बढ़ाने के पीछे विरोध को बड़ी वजह बताया गया है। पार्टी नेताओं ने कहा युवा मोर्चा की अधिकतम आयुसीमा 35 साल है इसलिए मंडल अध्यक्ष की आयुसीमा बढ़ाई गई है।
Posted By: Hemant Upadhyay