Nautapa 2023: आनंद दुबे, भोपाल। लंबे समय से नौतपा (25 मई से दो जून तक की समयावधि) को लेकर कहा जाता है कि यदि नौतपा के दौरान वर्षा होती है, तो मानसून कमजोर रहता है। हालांकि मौसम विज्ञानी इस मिथक को ज्यादा तवज्जो नहीं देते हैं, लेकिन यह जरूरत मानने हैं कि नौतपा में तापमान कम बना रहने से मानसून के आगमन की तीव्रता जरूर प्रभावित होती है।
नौतपा में वर्षा होने पर खंड वर्षा की स्थिति
ज्याेतिषियों का भी दावा है कि नौतपा में वर्षा होने पर खंड वर्षा की स्थिति बनती है। उधर राजधानी के पिछले 11 वर्षों के नौपता की अवधि के आंकड़ों पर गौर करें तो यह बात सच भी साबित हो रही है। 11 वर्षों में नौतपा में चार बार वर्षा हुई। उनमें से तीन वर्षों में मानसून की स्थिति कमजोर रही।
नौतपा में वर्षा होने की संभावना कायम
अमूमन गर्मी के सीजन में अप्रैल और मई माह में सर्वाधिक गर्मी पड़ती है। विशेषकर नौतपा में राजधानी में अधिकतम तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक तक पहुंच जाता है। हालांकि इस वर्ष मार्च, अप्रैल के बाद मई माह में भी वर्षा होने के कारण इस सीजन में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक नहीं पहुंच सका है। उधर नौतपा में वर्षा होने की संभावना बनी हुई है।
क्यों तपता है नौतपा
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि खगोल विज्ञान के अनुसार नौतपा के दौरान धरती पर सूर्य की किरणें सीधी लंबवत् पड़ती हैं। सूर्य भी 14 घंटे से अधिक समय तक रहता है। इस वजह से तापमान काफी बढ़ जाता है। मौसम विज्ञान नौतपा में वर्षा होने की स्थिति में मानसून कमजोर होने का कारण नहीं मानता, लेकिन इससे मानसून के आगमन की तीव्रता जरूर प्रभावित होती है। दरअसल जब तापमान चरम पर होता है, तब दक्षिण-पश्चिम मानसून के तहत चलने वाली दक्षिण-पश्चिमी हवाएं समुद्र की तरफ से पूरे वेग से आगे बढ़ती हैं। इससे मानसून तेज गति से आगे बढ़ता है।
कमजोर रहेगा मानसून
ज्योतिष मठ संस्थान के संचालक पंडित विनोद गौतम ने बताया कि सूर्य, वृष राशि में आने के 14 दिन बाद रोहिणी नक्षत्र में आएगा। इस कारण 25 मई से नौतपा शुरू हो जाएगा। जो तीन जून तक रहेगा। सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में आने को वर्षा का गर्भकाल कहा जाता है। इन दिनों में जितनी अधिक गर्मी पड़ती है। उतना वर्षा का गर्भ अधिक पुष्ट होता है। इस वजह से नौतपा के तपने से वर्षा भी अच्छी होती है। इस बार नौपता के दौरान शुक्र राशि परिवर्तन करत रहे हैं। वह मिथुन राशि से कर्क राशि में प्रवेश करेंगे। 30 मई से गुरु, बुध और राहू का त्रिग्रही योग भी बन रहा है। इस चांडाली योग भी कहते हैं। ग्रहों की स्थिति को देखते हुए। इस वर्ष नौपता में वर्षा होगी। इससे मानसून के दौरान खंड वर्षा के योग बनेंगे।
पिछले 11 वर्षों में नौतपा में राजधानी में मौसम का मिजाज
वर्ष सर्वाधिक तापमान वर्षा सीजन की वर्षा (मिमी.)
2012 43.9 शून्य 1131.1
2013 43.6 शून्य 1263.4
2014 44.5 6.4 मिमी. 725.2
2015 45.4 16.0 मिमी. 998.3
2016 43.1 शून्य 1464.1
2017 45.1 26.0 मिमी. 781.0
2018 45.3 बूंदाबांदी 806.5
2019 44.2 बूंदाबांदी 1756.5
2020 44.5 शून्य 1345.7
2021 41.1 46.0 मिमी. 940.6
2022 43.1 तीन मिमी. 1860.3
Posted By: Hemant Kumar Upadhyay
- # Nautapa 2023
- # navtapa
- # weather update
- # weather alert
- # weather center
- # rainfall in Nautpa
- # Monsoon