Plantation Drive: भोपाल (राज्य ब्यूरो)। राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण की दिशा में लगातार काम कर रही है। हर साल मानसून में पौधे रोपे जाते हैं। इस बार वन विभाग अपनी इकाइयों के साथ चार करोड़ पौधे रोपने की तैयारी कर रहा है, जबकि पर्यावरण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित अन्य विभाग भी पौधारोपण करेंगे।
इन्हें मिलाकर प्रदेश में पांच करोड़ से अधिक पौधे रोपे जाएंगे। इसके लिए प्रदेश की सरकारी नर्सरियों में पौधे तैयार कर लिए गए हैं। तीन फीट से अधिक ऊंचाई वाले पौधे रोपने पर जोर है, ऐसा पौधारोपण सफल होने की ज्यादा संभावना रहती है।
वन विभाग की कार्य आयोजना शाखा 8198 हेक्टेयर क्षेत्र में 40 लाख से अधिक पौधे रोपेगी। इस बार वन विभाग की अकेले कार्य आयोजना शाखा 3615 हेक्टेयर में 21 लाख से अधिक बांस के पौधे रोपेगी। ऐसा प्रदेश में बांस आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने की नीति के अंतर्गत किया जा रहा है।
इसमें सबसे अधिक तीन लाख 43 हजार 750 बांस के पौधे छतरपुर, दो लाख 75 हजार रीवा और दो लाख 57 हजार पांच सौ उज्जैन में रोपे जाएंगे। वहीं वन विकास निगम, लघु वनोपज संघ, बांस मिशन, कैंपा शाखा सहित अन्य इकाइयों के अलावा कृषि, उद्यानिकी, पर्यावरण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित अन्य विभागों ने भी पौधारोपण की तैयारी शुरू कर दी है।
Posted By: Hemant Kumar Upadhyay