Rain in Madhya Pradesh: भोपाल(नईदुनिया टीम)। वर्षा ने किसानों के अरमान धुल दिए हैं। रविवार को भी कई क्षेत्रों में वर्षा व ओलावृष्टि हुई। प्रतिकूल मौसम से फसलों को व्यापक नुकसान की खबर है। प्रदेश सरकार ने फसलों के नुकसान का सर्वे कराने का निर्देश दिया है। सर्वे शुरू भी हो गया है लेकिन अभी कुछ क्षेत्रों तक ही सीमित है। किसानों ने सर्वे का दायरा बढ़ाकर तत्काल राहत देने की मांग की है।
गेहूं की फसल खेत में ही गिर गई
जानकारी के अनुसार रविवार को मालवा- निमाड़ अंचल में वर्षा का दौर जारी रहा। शनिवार की रात व रविवार को हुई वर्षा और ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। गेहूं की फसल खेत में ही गिर गई है। बालियां टूट कर बिखर गई हैं। कटी फसल में भी दाने की गुणवत्ता खराब होने की आशंका बढ़ गई है।
जल्दी सर्वे कर मुआवजा देने की मांग
भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी जल्दी सर्वे कर मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। फसल देखकर किसानों की आंखों में आंसू हैं। इधर, देवास जिले के जामली गांव के निवासी 17 वर्षीय पंकज सेंधव खेती कार्य करते समय शनिवार शाम आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई।
तरबूज और प्याज की फसल नष्ट
खंडवा जिले में जिले में करीब 800 एकड़ में तरबूज और 200 एकड़ में प्याज की फसल नष्ट होने का अनुमान लगाया जा रहा है। राजस्व और उद्यानिकी विभाग की टीम खेतों में सर्वे कर नष्ट फसलों का आकलन करने में जुट गई है।
गेहूं की चमक फीकी पड़ने का अंदेशा
कृषि उपसंचालक केसी वास्केल ने बताया कि जिले में 20 फीसद किसान ऐसे हैं जिन्होंने मौसम को देखते हुए फसल नहीं काटी है। काटकर रखी गई गेहूं की फसल यदि भीगी है तो गेहूं की चमक फीकी पड़ने का अंदेशा रहेगा। बुरहानपुर में सैकड़ों हेक्टेयर फसलें बर्बाद हो गई है। रविवार सुबह खेतों में पहुंचे किसानों की आंखों से आंसू निकल आए। दल सोमवार से गांवों में जाकर फसलों की स्थिति देखेगा।
किसानों की मेहनत पर पानी फिरा
खरगोन जिले में भी आंधी, बारिश और ओलों ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। बड़वानी जिले में रविवार दोपहर पहाड़ी क्षेत्र में आंधी चली। गांव सेमलेट में आकाशीय बिजली गिरने से तीन गोवंशी की मौत हो गई। मंदसौर के नगरी, कचनारा व लसूड़िया इला में किसान रविवार को बची-कुची फसलों को समेटते रहे। जिला प्रशासन फिलहाल नजरी सर्वे करा रहा है। झाबुआ में कृषि उपसंचालक नगीन रावत का कहना है कि फिलहाल सर्वे को लेकर कोई आदेश नहीं मिले हैं।
विंध्य महाकोशल व बुंदेलखंड के कई जिलों में बिछ गई सफेद चादर
महाकोशल-विंध्य और बुंदेलखंड के कई जिलों में रविवार को भारी ओलावृष्टि हुई। कटनी, डिंडौरी, शहडोल, सीधी, पन्ना, दमोह व उमरिया में ओलावृष्टि से फसलों को व्यापक नुकसान हुआ है। बालाघाट, उमरिया, जबलपुर समेत अन्य जिलों में बादल छाए रहे और कई जिलों में रिमझिम वर्षा हुई।
आंवले के आकार के ओले
कटनी में 10 मिनट तक बेर के आकार के ओले गिरे। डिंडौरी जिले के बजाग जनपद, करंजिया के ग्रामीण अंचल में ओलावृष्टि हुई है। गोरखपुर कस्बा सहित आसपास के क्षेत्र में लगभग 10 मिनट तक आंवले के आकार के ओले गिरे। इससे खेत खलिहान में काटकर रखी गई फसलों को नुकसान हुआ है। बोंदर-बजाग मार्ग पर ग्राम गिरवरपुर के पास ओले गिरने से सफेद चादर सी बिछ गई।
Posted By: Hemant Kumar Upadhyay