भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। कोरोना की तीसरी लहर का प्रकोप खत्म होने के बाद शहर में सांस्कृतिक, धार्मिक, सामाजिक कार्यक्रम पहले की तरह हो रहे हैं। शुक्रवार 27 जनवरी को शहर में कई ऐसे आयोजन हैं, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां हम कुछ ऐसे ही चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।
चित्र प्रदर्शनी - श्यामला हिल्स पर स्थित मध्य प्रदेश जनजातीय संग्रहालय की लिखंदरा दीर्घा में भील चित्रकार दुबू बारिया के चित्रों की प्रदर्शनी को सुबह 11 बजे से देखा जा सकता है।
माह का प्रादर्श - इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के अंतरंग भवन वीथि संकुल में माह का प्रादर्श श्रंखला के तहत 'कांगखोंग' का प्रदर्शन। समय : सुबह 11 बजे से।
श्रीराम कथा - भेल दशहरा मैदान पर इन दिनों भक्ति की गंगा बह रही है। यहां अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त आचार्य रामभद्राचार्य दोपहर दो बजे से श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा सुनाएंगे।
डोंगी रेस - मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा बड़े तालाब में मछुआरों की छोटी बोट "डोंगी" रेस का आयोजन किया जाएगा। समय : शाम 3:30 बजे।
लोकरंग उत्सव - मप्र संस्कृति विभाग द्वारा 38वां लोकरंग उत्सव 26 से 30 जनवरी तक रवींद्र भवन परिसर में मनाया जा रहा है। लोकरंग उत्सव में विविध शिल्पों का मेला “हुनर”, कलात्मक दीपकों की प्रदर्शनी “अभ्यर्थना”, कला एवं संस्कृति विषयक पुस्तकों का “पुस्तक मेला”, देशज व्यंजन “स्वाद” प्रदर्शनी, गायन प्रस्तुति पर “लोकराग” भी मुख्य आकर्षण हैं। आज शाम सात बजे से लोकरंग उत्सव के दूसरे दिन ख्यातिप्राप्त छत्तीसगढ़ी लोकगायिका तीजनबाई की प्रस्तुति होगी। कुछ अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए जाएंगे।
Posted By: Ravindra Soni