भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। कोरोना की तीसरी लहर का प्रकोप खत्‍म होने के बाद शहर में सांस्‍कृतिक, धार्मिक, सामाजिक कार्यक्रम पहले की तरह हो रहे हैं। रविवार 19 मार्च को शहर में कई ऐसे आयोजन हैं, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां हम कुछ ऐसे ही चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।

रामायण अधिवेशन - मानस भवन में तीन दिन से चल रहे अंतरराष्ट्रीय रामायण अधिवेशन का आज समापन होगा। इसमें अमेरिका सहित अन्य देशों से आए बुद्धिजीवी वर्ग के लोग दुनिया में श्री रामचरित मानस का प्रचार-प्रसार करने और भगवान राम की महिमा अलग-अलग देशों में बताने का संकल्प लेंगे। तीसरे दिन 10 से अधिक बुद्धिजीवी लोग भगवान श्रीराम के जीवन पर अपने विचार रखेंगे। समय : सुबह 10 बजे से।

देसी हांडी फूड फेस्ट - बिट्टन मार्केट दशहरा मैदान में देसी हांडी फूड फेस्ट और संस्कृतिक प्रस्तुतियां। समय : सुबह 11 बजे से।

माह का प्रादर्श - इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के अंतरंग भवन वीथि संकुल में माह का प्रादर्श श्रंखला के तहत काष्ठ युग्म प्रतिमा ईसर और गणगौर का प्रदर्शन किया जा रहा है। आप इसका अवलोकन सुबह 11 बजे से कर सकते हैं।

चित्र प्रदर्शनी - श्‍यामला हिल्‍स पर स्‍थित मध्य प्रदेश जनजातीय संग्रहालय की लिखंदरा दीर्घा में भील चित्रकार कमिला बारिया के चित्रों की प्रदर्शनी सजाई गई है। इसे दोपहर 12 बजे से देखा जा सकता है।

हिंदुत्व दर्शन रैली - मप्र संत पुजारी संघ की ओर से माता मंदिर अटल पथ पर हिंदुत्व दर्शन रैली निकाली जाएगी। समय : दोपहर 12 बजे।

नारी रत्न सम्मान - रातीबड़ में राष्ट्रीय नारी सशक्तिकरण संघ द्वारा नारी रत्न सम्मान व पुरस्कार वितरण कार्यक्रम रखा गया है। समय : दोपहर 12 बजे।

होली मिलन समारोह - श्री गौड़ मालवीय ब्राह्मण समाज संगठन का अशोका गार्डन स्थित एक धर्मशाला में होली मिलन समारोह रखा गया है। समय : दोपहर 12 बजे। कर्मचारी भवन स्थित राधाकृष्णा मंदिर गीताजंलि चौराहे पर यादव समाज का होली मिलन समारोह दोपहर 12 बजे से। ब्राह्मण एकता अस्मिता सहयोग एवं संस्कार मंच, जिझौतिया ब्राह्मण समाज का होली मिलन समारोह महामाई का बाग में दोपहर तीन बजे से।

दिव्य कला मेला - भोपाल हाट में दिव्य कला मेला का आयोजन किया जा रहा है। आप इसका अवलोकन दोपहर 02 बजे से कर सकते हैं। शाम को यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होते हैं।

श्रीमद्भागवत कथा - मिनाल रेसीडेंसी में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन। समय : दोपहर दो बजे।

फिल्म प्रदर्शन - भारत भवन में साहित्यिक कृतियों पर केंद्रित मोनी भट्टाचार्य की फिल्म 'उसने कहा था' का प्रदर्शन। समय : शाम 07 बजे से।

दबंग दामिनी समारोह - दबंग दामिनी सम्मान समारोह और मिशन टैलेंट-सीजन-2 का आयोजन रविवार को उत्सव मैरिज गार्डन होशंगाबाद रोड पर सुबह 11 बजे से रात नौ बजे तक होगा। दामिनी की आवाज सामाजिक संस्था द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शहर के लग-अलग क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही 45 महिलाओं को दबंग दामिनी सम्मान दिया जाएगा। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों के टैलेंट को मंच देने के लिए मिशन टैलेंट काम्पटीशन में उनके द्वारा तैयार की गई ड्रेस में रैंपवाक, सांस्कृतिक क्रार्यक्रम और स्वयंसहायता समूह के स्टाल भी लगाए जाएंगे। इस मौके पर पीपुल्स थियेटर ग्रुप के कलाकारों द्वारा सिंधु धौलपुरे द्वारा निर्देशित नृत्य नाटिका-परवरिश का मंचन किया जाएगा।

Posted By: Ravindra Soni

Mp
Mp
  • Font Size
  • Close