Publish Date: | Sat, 25 Jun 2022 06:18 AM (IST)
भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। कोरोना की तीसरी लहर का प्रकोप खत्म होने के बाद शहर में सांस्कृतिक, धार्मिक, सामाजिक कार्यक्रम पहले की तरह हो रहे हैं। हालांकि बीते कुछ दिनों से शहर में कोरोना संक्रमण के मामले फिर से बढ़ने लगे हैं। ऐसे में अच्छा यही है कि कोरोना के प्रति लापरवाही का आलम छोड़ सतर्कता बरती जाए। घर से बाहर निकलते समय आप मास्क का उपयोग करें और सार्वजनिक जगहों पर शारीरिक दूरी के नियम का पालन करते हुए स्वयं भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें। शनिवार 25 जून को शहर में कई ऐसे आयोजन हैं, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां हम कुछ ऐसे ही चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।
अनुष्ठान : पुराने शहर के चौक में स्थित जिनालय में धार्मिक अनुष्ठान सुबह सात बजे से होंगे।
रैदास समारोह : भारत भवन में रैदास समारोह का आज दूसरा दिन है। सुबह दस बजे से संत साहित्य और रैदास पर विमर्श कार्यक्रम होगा। शाम साढ़े छह बजे से संत रविदास के पदों की सांगीतिक प्रस्तुति दी जाएगी।
माह का प्रादर्श : इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के अंतरंग भवन वीथि संकुल में मणिपुर की शाल करामफी तथोकाकम का प्रदर्शन सुबह 11 बजे से।
चित्र प्रदर्शनी : मध्य प्रदेश जनजातीय संग्रहालय की शलाका दीर्घा में गोंड चित्रकार पद्मश्री दुर्गा बाई के चित्रों की प्रदर्शनी को सुबह 12 बजे से देखा जा सकता है।
भक्तमाल कथा महोत्सव - अयोध्या बायपास पर पंचमुखी हनुमान मंदिर में भक्तमाल कथा महोत्सव के तहत श्री बागेश्वर धाम सरकार के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा कथा वाचन दोपहर दो बजे से।
नृत्य कार्यशाला : जवाहर चौक पर स्थित उत्कल भवन में मयूर भंज छउ नृत्य कार्यशाला दोपहर 02 बजे से शुरू होगी। इसका आयोजन कीर्ति बैले एंड परफार्मिंग आर्ट द्वारा किया जा रहा है।
बैठक : थ्रिफ्ट सोसायटी के चुनाव की रणनीति बनाने को लेकर पिपलानी में भेल कर्मचारियों की बैठक दोपहर दो बजे से।
सम्मान : होटल अतिशय, एमपीनगर में आल इंडिया वुमन क्लब द्वारा ब्यूटी अवार्ड समारोह दोपहर 3.30 बजे से।
गोष्ठी : मप्र राष्ट्रभाषा प्रचार समिति द्वारा हिंदी भवन के वीरेंद्र तिवारी कक्ष में अंतरंग गोष्ठी का आयोजन शाम 05 बजे से।
Posted By: Ravindra Soni