भोपाल (राज्य ब्यूरो)। प्रतिबंधित चरमपंथी संगठन पापुलर फ्रंट आफ इंडिया (पीएफआइ) के दो और कार्यकर्ताओं को मध्य प्रदेश आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) ने भोपाल और धार से शनिवार को गिरफ्तार किया है। वह पीएफआइ के बड़े पदाधिकारियों के संपर्क में थे। इनके अलावा एटीएस परवेज नामक आरोपित को औरंगाबाद (महाराष्ट्र) जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है। शनिवार को तीनों आरोपितों को भोपाल के जिला न्यायालय में पेश किया गया। जहां से एटीएस ने इन्हें आठ फरवरी तक रिमांड पर लिया है।
पीएफआइ के प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल करीम बेकरीवाला की निशानदेही पर एटीएस ने इन्हेंं गिरफ्तार किया है। इनमें गुलाम रसूल शाह पुत्र अब्दुल शाह (37) वर्ष निवासी ग्राम बांकानेर तहसील मनावर जिला धार और साजिद खान उर्फ गुलाम नबी पुत्र गुलाम मुस्तफा खान (56) निवासी निवासी इंदौर शामिल हैं। साजिद फिलहाल भोपाल में रह रहा था। यहीं से उसी पकड़ा गया है। रसूल की गिरफ्तारी धार से की गई है। बताया जाता है कि साजिद पीएफआइ इंदौर जिला कमेटी का सक्रिय सदस्य है। वह संगठन के बड़े पदाधिकारियों से सीधे जुड़ा था। प्रदेश के विभिन्न् जिलों में जाकर धार्मिक उपदेश से लोगों को पीएफआइ की विचारधारा से जोड़ रहा था। अब्दुल करीम बेकरीवाला के साथ पैसे की व्यवस्था भी करता था। बता दें कि बेकरीवाला सहित 10 से ज्यादा आरोपितों एटीएस ने पीएफआइ के प्रतिबंध के दौरान गिरफ्तार किया था। इनकी टीम के सक्रिय कार्यकता वासिद खान को एटीएस एक दिन पहले गिरफ्तार कर चुका है। वह आठ फरवरी तक रिमांड पर है। उस पर सरकार के विरुद्ध षणयंत्र करने का आरोप है। 2017 में संगठन से जुड़ने के बाद वह बड़ी बैठकों में भाग लेता था।
प्रदेश में प्रशिक्षण देने आता था परवेज
औरंगाबाद से लाया गया परवेज प्रदेश में पीएफआइ की विचारधारा के बारे में लोगों को प्रशिक्षण देने के लिए आता था। वह 2017 में पीएफआइ के तत्कालीन डिस्ट्रिक्ट प्रसिडेंट औरंगाबाद नासिर नदवी के जरिए संगठन से जुड़ा था। उसे 2019 में औरंगाबाद का डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी नियुक्त किया गया था। 2021 में उसे पूरे महाराष्ट्र का प्रभारी बना दिया गया था। परवेज संगठन के क्षेत्रीय प्रभारी हैदर हबीब (निवासी कर्नाटक) के साथ मध्य प्रदेश में प्रशिक्षण देने के लिए आता था। उससे पूछताछ में कई बड़ी जानकारियां सामने आ सकती हैंं।
Posted By: Lalit Katariya