Burhanpur Accident: नेपानगर। एक टूर एंड ट्रेवल्स एजेंसी की बस के साथ चारधाम की यात्रा पर गए जिले के तीर्थयात्री शनिवार रात उड़ीसा के बरगड़ जिले में दुर्घटना का शिकार हो गए।
सड़क किनारे खड़ी तीर्थ यात्रियों की बस को तेज रफ्तार टैंकर ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे बस में सवार नेपानगर के अशोक अत्तरदे 65 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी लता अत्तरदे के दोनों पैर टूट गए हैं। बस में सवार 25 अन्य यात्री घायल हुए हैं।
दुर्घटना में अत्तरदे की मौत की सूचना मिलने के बाद से नेपानगर में शोक की लहर है। बताया गया है कि बस में बुरहानपुर और नेपानगर के 55 तीर्थ यात्री सवार थे।
इनमें से कुछ यात्री रात करीब एक बजे लघुशंका के लिए बस से उतरे थे। शेष यात्री बस में ही बैठे हुए थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
हादसे में मृत अशोक अत्तरदे का शव सोमवार दोपहर नेपानगर पहुंचेगा। एकता नगर नेपानगर निवासी स्वप्निल पाटिल, अमृत लाल पवार ने बताया कि सभी तीर्थ यात्री 12 जनवरी को रवाना हुए थे।
इनमें नेपानगर के सात यात्री अशोक अत्तरदे, लता अत्तरदे, कविता पाटिल, सविता पाटिल, अनीता पाटिल, डिगंबर ढाके और उनकी पत्नी शामिल थी।
बस में सवार कुछ तीर्थ यात्रियों ने फोन पर बताया कि यात्रा पूरी हो चुकी थी और वे छह फरवरी को बुरहानुर लौटने वाले थे। इससे पहले ही हादसा हो गया। जो लोग लघुशंका के नीचे उतर गए थे वे हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए।
Posted By: Hemant Kumar Upadhyay
- Font Size
- Close