MPBSE MP Board Result 2023: बुरहानपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने गुरुवार दोपहर 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए। दोनों कक्षाओं में इस बार बुरहानपुर के विद्यार्थियों ने प्रदेश की टाप-10 सूची में स्थान हासिल किया है। 10वीं में जिले की दो छात्राओं ने जबकि 12वीं में एक छात्र ने जगह बनाई है।

जिला शिक्षा कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, 10वीं में आदर्श विद्यापीठ की छात्रा नेहा ललित भगत ने 500 में से 488 अंकों के साथ प्रदेश में सातवां स्थान हासिल किया है। शासकीय सावित्री बाई फुले कन्या शाला की मानसी योगेश्वर महाजन ने 486 अंकों के साथ प्रदेश में नौवां स्थान पाया है। इसी तरह शहर के न्यू विजन हायर सेकंडरी स्कूल के छात्र रितिक वीरेंद्र शाह ने 471 अंकों के साथ प्रदेश की टाप-10 सूची में नौवां स्थान हासिल किया है। आदर्श विद्यापीठ की प्राचार्य साधना शाह और सावित्री बाई फुले कन्या शाला की प्राचार्य नीना गुप्ता ने टापर्स को मिठाई खिला कर बधाई दी।

धीमी गति से विजय पाना था लक्ष्य

आदर्श विद्यापीठ की प्राचार्य साधना शाह ने बताया कि उन्होंने धीमी गति से विजय पाने का लक्ष्य बना रखा है। इसलिए किसी भी विषय की आगे की पढ़ाई तब तक शुरू नहीं करातीं, जब तक कि विद्यार्थी उसे पूरी तरह समझ नहीं लेते। उन्होंने कहा कि प्रदेश की टाप-10 सूची में विद्यालय का नाम आने पर वे उत्साहित हैं।

शिक्षकों और अभिभावकों के कारण मिली सफलता

10वीं की टापर नेहा ने कहा कि उसे प्राचार्य सहित शिक्षकों का बेहतर मार्गदर्शन मिलने के कारण यह सफलता हासिल हो सकी है। अभिभावकों की भी अहम भूमिका रही है। आगे चलकर वह चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) बनना चाहती है। सावित्री बाई फुले स्कूल की टापर मानसी महाजन ने कहा कि शिक्षकों का भरपूर सहयोग मिला। आगे जाकर वे पहले इंजीनियरिंग और फिर आइएएस बनना चाहती हैं। मानसी को गणित विषय में 100 में से 100 और अंग्रेजी में 100 में से 99 अंक मिले हैं।

जिले के ये टापर्स

10वीं की जिला स्तरीय टापर्स की सूची में चार विद्यार्थियों के नाम हैं। पहले स्थान पर सुभाष उत्कृष्ट स्कूल के हर्ष राजेंद्र राजपूत हैं। उन्हें 482 अंक मिले हैं। दूसरे स्थान पर 478 अंक के साथ ज्ञानदीप स्कूल डोईफोड़िया के हिमांशु शिवकुमार चौकसे व प्रजाक्ता सुनील पाटिल हैं। तीसरे स्थल पर 477 अंक के साथ आदर्श विद्यापीठ की अंशिका शंकर महाले आई हैं। इसी तरह 12वीं में सूर्यपुंज एकेडमी शाहपुर के पार्थिक विनोद महाजन 94.20 प्रतिशत अंक के साथ पहले स्थान पर हैं। आदर्श विद्यापीठ के हिमांश राजेश महाजन 93.40 प्रतिशत अंक के साथ दूसरे स्थान पर हैं। ज्ञानदीप स्कूल शाहपुर की जान्हवी राजेंद्र महाजन 93.20 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर आई हैं।

Posted By: Hemraj Yadav

Mp
Mp