छतरपुर। रामचरित मानस राष्ट्रीय ग्रंथ हो और भारत हिंदू राष्ट्र हो। ऐसा मांगने की आजादी सबको है। हमको भी है। हम सब हिंदू एक हों, ऐसी हमारी ईश्वर से प्रार्थना है।हम उसी के लिए कार्य कर रहे। हम जुटे रहेंगे, जब तक तन में प्राण रहेगा। हमें पूरा भरोसा है अपने इष्ट और गुरुदेव पर।

यह बात छतरपुर जिले में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कही है। धाम के ट्विटर अकाउंट पर उनका वीडियो संदेश है। उन्होंने रामचरित मानस को अपमानित करने वालों के लिए कहा है कि ऐसे व्यक्ति को जवाब देना चाहिए, ताकि लौटकर टेढ़ी निगाह से नहीं देखें। इन्हें भारत में रहने का अधिकार नहीं है।

सनातनियों को एक होना पड़ेगा

वीडियो बयान जारी कर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा हमारे भारत के संविधान के प्रथम पृष्ठ भगवान श्री सीताराम का अंकन है। जिस संविधान का प्रथम पृष्ठ ही भगवान राम से प्रारंभ होता हो, भगवान राम के आदर्शों से प्रारंभ होता हो। उन भागवान राम की जीवन गाथा श्री रामचरित मानस, जो हमारे भारत का एक अनूठा ग्रंथ है उसके प्रति इस प्रकार का कोई कृत्य किया जाता है यह घोर निदंनीय है।

हिंदुओं को आपस में लड़वा-भिड़वाकर राज करने का षड्यंत्र

उन्होंने कहा कि इसके पीछे षड्यंत्र नजर आ रहे हैं, जिन लोगों ने भी यह जलाई है या कुछ भी किया है यह बहुत निंदनीय है। सनातनियों को एक होना पड़ेगा। शास्त्री ने कहा हमें लगता है इसके पीछे बहुत बड़ा प्लान है। बहुत बड़ी टीम है, जो हिंदुओं को आपस में लड़वा-भिड़वाकर राज करना चाहते हैं। सब हिंदुओं को आपस में लड़वाना चाहते हैं। हम यही कहना चाहेंगे प्रत्येक भारतीय हिंदूवासी से कि आपको जागना पड़ेगा।

13-19 फरवरी तक विशेष यज्ञ, देशभर से संत आएंगे

बागेश्वर धाम में 13-19 फरवरी तक विशेष यज्ञ होना जा रहा है। इस यज्ञ में देशभर के नामी-गिरामी साधु संत आएंगे। साथ ही बड़े राजनीतिक दलों के नेता भी बागेश्वर धाम में बालाजी के दर्शन कर यज्ञ में शामिल होंगे। इसी दौरान 121 निर्धन कन्याओं का विवाह समारोह होगा। इसके लिए भी धाम की ओर से जोड़ों का चयन किया गया है। धाम में चौथी बार सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इससे पहले पिछले वर्ष 108 विवाह हुए थे। पहली बार इतनी बड़ी संख्या में सामूहिक विवाह होंगे।

बागेश्वर धाम में लगेगा दिव्य दरबार

छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम में मंगलवार को पंडित धीरेंद्र शास्त्री दिव्य दरबार लगाएंगे। प्रयागराज में शीतला माता मंदिर परिसर में दो फरवरी को दोपहर 12 से तीन बजे तक दिव्य दरबार लगाया जाएगा। वहीं इसके बाद बागेश्वर धाम में 13-19 फरवरी तक विशेष यज्ञ होगा। इस दौरान भी दो दिन दिव्य दरबार लगाया जाएगा। यज्ञ को लेकर पूरी तैयारियां की गईं हैं।

समर्थन में किन्नर महामंडलेश्वर हिमांगी सखी भी

बागेश्वर धाम के समर्थन में किन्नर महामंडलेश्वर हिमांगी सखी भी आगे आईं हैं। उन्होंने कहा है कि पूरे भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित करना है।किन्नर अखाड़ा भी आ गया है।

कन्याओं के विवाह में किन्नर समाज शामिल होगा

महाराष्ट्र और अन्य जगहों से आए किन्नर समाज ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात की है। बागेश्वर धाम में आयोजित कन्याओं के विवाह में शामिल होने के लिए कन्यादान का संकल्प लिया है। साथ ही 51 हजार की राशि समिति को भेंट की है। किन्नर समाज ने कहा धाम का विरोध करने वालों को भगवान सद्बुद्धि दे।इस दौरान छतरपुर के किन्नर समाज की अध्यक्ष नीतू किन्नर, महाराष्ट्र से शैली ठाकरे किन्नर और देवरिया बिहार से दुर्गा किन्नर समेत बड़ी संख्या में किन्नर समाज धाम पर पहुंचे।

Posted By:

Mp
Mp
  • Font Size
  • Close