छिंदवाड़ा। जिले को कार्न सिटी का तमगा मिला है, क्योंकि जिले में रिकार्ड तोड़ मक्का की पैदावार होती है, लेकिन वर्तमान में इस कार्न सिटी के किसानों को पिछले दो वर्ष से मक्का का उचित भाव नहीं मिल पाया है। वर्तमान में जिले की ए क्लास मंडी कुसमेली में मक्का की आवक कम हो गई लेकिन आवक कम होने के साथ अब मक्का के भाव बढ़ रहे हैं। सोमवार व मंगलवार की बात करें तो भाव 1900 प्रति क्विंटल पहुंच गया है। भाव बढ़ने के बाद अब आने वाले दिनों में मक्का की आवक बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। सीजन व उसके बाद मंडी में किसानों को उचित भाव नहीं मिल पाया है जिसके कारण किसानों में नाराजगी थी। मंडी में आवक कम है लेकिन मक्का की मांग लगातार बनी हुई है जिसके कारण व्यापारी अच्छे भाव में मक्का को खरीद रहे हैं। जानकारों की माने तो गेहूं की आवक शुरु होने से पहले तक मंडी में मक्का पहुंचता रहेगा तथा किसानों को भाव भी तेज मिलेंगे।
वर्जन
वर्तमान में मक्का की आवक मंडी में कम है जिसके कारण भाव अच्छे मिल रहे है। भाव बढ़ने के साथ ही अब आने वाले दिनों में मंडी में मक्का लेकर पहुंच सकते है। भाव नहीं मिलने के कारण किसानों ने मक्का अभी भी अपने घरों में रखा है जो भाव बढ़ने का इंतजार कर रहे है।
पवन सूर्यवंशी, किसान सारसवाड़ा
कहने को भर छिंदवाड़ा कार्न सिटी कहलाता है देश में सबसे ज्यादा मक्का उत्पादन होने के बाद भी किसान सही भाव मिलने के लिए लड़ता है। वर्तमान में जो भाव किसानों को मिल रहा है वह पहले ही किसानों को मिल जाता तो उन्हें नुकसान नहीं होता।
राकेश बेलवंशी, किसान, बिजोरी गुमाई
मंडी में मक्का की आवक अभी कम हो रही है। किसानों को न्यूनतम 1840 तथा अधिकतम भाव 1970 मिल रहा है। भाव अच्छे मिलने से यह संभावना है कि किसान मक्का बेचने मंडी में पहुंचेंगे। किसानों को अच्छा भाव मिले इसको लेकर प्रयास किए जाते रहे है।
सुरेश परते, सचिव, कृषि उपज मंडी, कुसमेली, छिंदवाड़ा।
- वर्तमान में मंडी में मिल रहे किसानों को भाव प्रति क्विंटल में
जिन्स न्यूनतम अधिकतम माडल
मक्का 1840 1970 1920
गेहूं 1921 2276 2001
सोयाबीन 5000 6540 6273
चना 3900 4526 4000
तुवर 4850 5300 5200
Posted By: Nai Dunia News Network