छिंदवाड़ा। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आव्हान पर छिंदवाड़ा जिले के पर्वतारोही नीरज डेहरिया की हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए छिंदवाड़ा से लाल किला दिल्ली तक के लिए साइकिल यात्रा गत दिवस दिल्ली पहुंचकर पूर्ण हुईं। यात्रा के दौरान उन्होंने 8 दिन में 1050 किलोमीटर का सफर तय किया। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन ने गत 5 अगस्त को कलेक्टर कार्यालय छिंदवाड़ा के प्रांगण से हरी झंडी दिखाकर पर्वतारोही नीरज डेहरिया की साइकिल यात्रा का शुभारंभ कराया था और बैंड बाजों की धुन के बीच पूरे सम्मान के साथ पर्वतारोही नीरज डेहरिया को रवाना किया था। पर्वतारोही नीरज डेहरिया ने बताया कि दिल्ली पहुंचने के बाद आज प्रातः 10 बजे उन्होंने केन्द्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से भेंट की तथा हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए छिंदवाड़ा से लाल किला दिल्ली तक के लिए निकाली गई साइकिल यात्रा की प्रशंसा की। साथ ही शानदार स्वागत करते हुए इस यात्रा का समापन किया।

स्वयंसेवी संस्था ने ग्राम नंदूढाना में निकाली रैली

ग्रामीण आदिवासी समाज विकास संस्थान द्वारा जिले के सौंसर विकासखंड के ग्राम नंदूढाना में तिरंगा रैली निकाली गई। यह तिरंगा रैली शासकीय प्राथमिक शाला परिसर से प्रारंभ हुई जिसमें दिव्यांगजन, विद्यार्थी और ग्रामीणजन शामिल हुए। इस रैली का उद्देश्य लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना को जगाना और भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देना है। रैली में शामिल सभी लोगों ने विश्व विजयी तिरंगा प्यारा, भारत देश महान हमारा'' नारे लगाते हुए उत्साहित होकर भारत माता की जय उदघोष के साथ तिरंगा झंडा लहराया। इस अवसर पर संस्था प्रमुख विजय धवले, सरपंच वंदना वासनिक, शिक्षकगण दिव्यांग हरी धुर्वे, मनसु धुर्वे, सामाजिक कार्यकर्ता और संस्था के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

डाक कर्मियों ने निकाली प्रभात फेरी

भारतीय डाक विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने तिरंगा लेकर प्रभात फेरी निकाली। आजादी के अमृत महोत्स्व पर हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आज भारतीय डाक विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हाथ में तिरंगा लेकर प्रातः के समय प्रभात फेरी निकाली। प्रभात फेरी में संभागीय डाक अधीक्षक आरके तिवारी, सहायक डाक अधीक्षक वायएल धनेद्र, उप संभागीय निरीक्षक विजेन्द्र पटेल, प्रधान डाकपाल प्रधान डाकघर राजेश कुमार शर्मा और अन्य सभी कर्मचारी शामिल हुए।

Posted By: Nai Dunia News Network

Mp
Mp