दतिया/भांडेर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। भांडेर विधायक रक्षा संतराम सरौनिया के पुत्र विक्की सरौनिया के विवाह समारोह में शामिल होने शनिवार को हैलीकाप्टर से शाम 4.15 बजे भांडेर पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के राजमाता चौराहे से गुजर रहे काफिले के सामने अचानक गोविंद सिंह परिहार नामक व्यक्ति के आ जाने से हड़कंप मच गया। उक्त व्यक्ति अपनी नौकरी को गुहार को लेकर मुख्यमंत्री से मिलना चाहता था। जिसकी बात मुख्यमंत्री ने सुनी और कलेक्टर को निर्देशित किया। इसके बाद काफिला आगे बढ़ सका।
जानकारी के अनुसार बिछोंदना निवासी गोविंद सिंह परिहार रोते हुए अचानक मुख्यमंत्री के काफिले के सामने पहुंच गया। यह देख कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। कलेक्टर और एसपी तेजी से अपने-अपने वाहनों से उतर कर उसकी और लपके। कलेक्टर जब गोविंद की गुहार सुन रहे थे तभी मुख्यमंत्री ने उसे अपने पास बुला लिया। गोविंद ने मुख्यमंत्री को अपनी पीड़ा बयां करते हुए बताया कि वर्ष 2016 में ग्वालियर हाईकोर्ट ने उसके पक्ष में अंशकालीन भृत्य के रूप में हाईस्कूल बिछोंदना में पदस्थापन का आदेश जारी कर तत्कालीन दतिया कलेक्टर को आदेशित किया था। कलेक्टर ने तत्कालीन डीईओ को उक्त आदेश का पालन करने निर्देशित किया। लेकिन अब तक उस आदेश के अमल के इंतजार में उक्त विद्यालय में अवैतनिक भृत्य का दायित्व निभा रहा है। जबकि उसके दो बच्चियां भी हैं। जिनका भरणपोषण करने से अलग से मजदूरी करनी पड़ रही है। इस पर मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को इस मामले का निराकरण शीघ्र करने को कहा।
विवाह समारोह में पहुंचे सिंधिया व मुख्यमंत्री चौहान
भांडेर विधायक रक्षा संतराम सरौनिया के पुत्र के शादी समारोह में शामिल होने सबसे पहले केंद्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने समर्थक मंत्री व विधायकों के साथ पहुंचे। इससे पहले सिंधिया सड़क मार्ग से शनिवार सुबह दतिया पीतांबरा पीठ पहुंचे। जहां गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा ने उनकी अगवानी की। इसके बाद पीठ पर पहुंचकर सिधिंया ने मां बगुलामुखी के दर्शन किए और महाभारतकालीन वनखंडेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। इस दौरान प्रभारी मंत्री सुरेश धाकड़ भी पीठ पर मौजूद रहे। दतिया आगमन पर भाजपा जन ने सिंधिया का स्वागत किया। इसके बाद सिंधिया अपने काफिले के साथ भांडेर रवाना हुए।
शाम चार बजे के लगभग मुख्यमंत्री शिवराज सिंह हैलीकाप्टर से बिछरेठा स्थित हेलीपैड पर उतरे। जहां गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा, विधायक रक्षा सरौनिया, डा.संतराम सरौनिया, इमरती देवी, कलेक्टर संजय कुमार, एसपी अमन सिंह राठौड ने उनकी अगवानी की। इसके बाद वे विवाह आयोजन स्थल कृषि उपजमंडी भांडेर पहुंचे। यहां विधायक पति संतराम ने घुटनों के बल बैठकर मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विधायक पुत्र विक्की को गृहस्थ जीवन में प्रवेश के लिए मंगलमय कामनाएं दीं। हैलीपेड पर स्वागत करने वालों में युवा मोर्चा जिला प्रभारी अतुल भूरे चौधरी, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि बलदाऊ बलराम यादव, प्रदीप किरार, विनोद कुशवाह, राहुल कमरिया, आकाश भार्गव सत्यम पंडा सहित बड़ी संख्या में युवा मोर्चा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। रात्रि 8 बजे रावतपुरा सरकार भी विवाह आयोजन में शामिल हुए। भांडेर में कृषि उपज मंडी प्रांगण में विवाह समारोह का भव्य आयोजन रखा गया था। इस अवसर पर विधायक द्वारा भांडेर विधानसभा सहित विभिन्ना राजनीतिक दलों के लोगों को निमंत्रण भेजे गए थे। जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
अतिथियों को चांदी के बर्तनों में परोसा गया भोजन
इस अवसर पर वीवीआईपी भी विवाह उपलक्ष में दिए गए भोज कार्यक्रम में शामिल हुए। सबसे पहले पहुंचने वाले वीवीआईपी में नागरिक उड्डयन केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया रहे। जो सड़क मार्ग से दतिया के रास्ते भांडेर पहुंचे थे। इनके साथ ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, पूर्व महिला बाल विकास मंत्री एवं निगम अध्यक्ष इमरती देवी, दतिया जिला प्रभारी सुरेश धाकड़ आदि शामिल रहे। इस दौरान सिंधिया ने विधायक रक्षा के साथ भोजन भी ग्रहण किया। इस दौरान चांदी के बर्तनों में अतिथियों को भोजन परोसा गया। भोजन के दौरान सिंधिया ने संतराम का भी मुंह अपने हाथों से मीठा कराया। उन्होंने नवदंपत्ति के सुखद जीवन के लिए शुभकामनाएं भी दीं। गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा भी विवाह कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
विधायक पुत्र के शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे सिंधिया व शिवराज
विवाह समारोह में यह अतिथि भी हुए शामिल
इस अवसर पर कांग्रेस के सेवढ़ा विधायक घनश्याम सिंह, पूर्व विधायक भांडेर फूल सिंह बरैया, पूर्व विधायक कमलापत आर्य, गरौठा विधायक जवाहर सिंह राजपूत, पूर्व समथर विधायक डमडम महाराज, आदि शामिल रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में ग्वालियर संभाग आयुक्त दीपक सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक राजेश चावला, कलेक्टर दतिया संजय कुमार, एसपी दतिया अमन सिंह राठौड, एसडीओपी भांडेर कर्णिक श्रीवास्तव, एसडीएम भांडेर इकबाल मोहम्मद, तहसीलदार शिवशंकर सिंह गुर्जर आदि सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं आम नागरिक भी विवाह कार्यक्रम में शामिल हुए।
Posted By: Nai Dunia News Network
- Font Size
- Close
- # Datia news
- # topnews