
नईदुनिया प्रतिनिधि, दतिया। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मध्य प्रदेश के दतिया जिले के इंदरगढ़ कस्बे में रहने वाले विकास प्रजापति को पाक समर्थित आतंकी माड्यूल से जुड़े होने के मामले में पकड़ा है। उक्त युवक का नाम गुरदासपुर ग्रेनेड हमले से जुड़े टेरर नेटवर्क की जांच में सामने आया था। जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम चार दिन पहले इंदरगढ़ पहुंची थी।
गिरफ्तारी के समय उसके परिवार के सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। मां और भाई गुजरात के जामनगर में मजदूरी करते हैं। सूत्रों के अनुसार, स्पेशल सेल की टीम शुक्रवार को विकास को दोबारा इंदरगढ़ लाई और उसके कमरे की गहन तलाशी ली गई। इस दौरान जांच दल को संदिग्ध सामग्री, एक पिस्तौल और कुछ कारतूस मिले हैं। तलाशी प्रक्रिया के बाद टीम उसे फिर दिल्ली लेकर लौट गई।
विकास की मां का कहना है कि उसकी गतिविधियों के बारे में परिवार को बहुत कम जानकारी रहती है। बता दें कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राजफाश किया है कि उक्त आतंकी माड्यूल पाकिस्तान में बैठे शहजाद भट्टी द्वारा संचालित किया जा रहा था।
इस माड्यूल से जुड़े तीन लोगों में पंजाब के हरगुनप्रीत सिंह, उत्तर प्रदेश के बिजनौर के आरिफ और मध्य प्रदेश के दतिया इंदरगढ़ निवासी विकास प्रजापति को गिरफ्तार किया गया है। एजेंसियों को शक है कि नेटवर्क के कई और कनेक्शन हैं, जिनकी जानकारी पंजाब पुलिस के साथ साझा की जा चुकी है।