Dewas News: देवास (नईदुनिया प्रतिनिधि)। देवास दौरे पर आए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में भाजपा पर जमकर हमला बोला। सिंह ने कहा- नोटबंदी के पीछे तर्क दिया था कि भ्रष्टाचार, काला धन, आतंकवाद खत्म होगा, लेकिन न तो भ्रष्टाचार खत्म हुआ, न काला धन समाप्त हुआ और आतंकवाद पर कोई लगाम नहीं है। उल्टे स्विस बैंक में 25 हजार करोड़ रुपए जमा हो गए।
2000 का नोट बदलने को लेकर चार माह का समय दिए जाने पर उन्होंने कहा कि यह बड़े लोगों को फायदा पहुंचाने का षड्यंत्र है। उन्होंने मध्य प्रदेश की व्यवस्था पर तंज कसा और कहा कि यहां जनसेवा नहीं, धनसेवा हो रही है। कलेक्टरों की ट्रांसफर-पोस्टिंग की बोली लग रही है।
उन्होंने कहा कि मोदी जी के राज में भ्रष्टाचार चरम पर हुआ है। मध्य प्रदेश में बच्चों की यूनिफार्म, पोषण आहार में घपला हुआ है, डंपर कांड, व्यापम भर्ती में गड़बड़ी हुई है। भर्ती के नए नियम बनाए, एग्जाम लेने के लिए ब्लैक लिस्ट कंपनी को चुना गया। पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के पुत्र दीपक जोशी का देवास में तीन कमरों का घर है, जबकि शिवराजसिंह चौहान ने 2018 में अपने चुनावी फार्म में साढ़े नौ करोड़ की संपत्ति बताई है। इस दौरान पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा, दीपक जोशी, पूर्व सांसद रामेश्वर नीखरा भी मौजूद थे।
Posted By: Hemant Kumar Upadhyay