Dewas School Timing: देवास। देवास में शीतलहर की वजह से कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने स्कूलों का समय बदलने का आदेश जारी किया है। अब जिले में सभी स्कूल 9 बजे के बाद ही खुलेंगे। मंगलवार को इंदौर और भोपाल सहित कई जिलों के कलेक्टर ने ठंड की वजह से स्कूलों का समय बदलने का आदेश जारी किया था। वहीं ग्वालियर-चंबल अंचल के चार जिलों में प्रायमरी स्कूलों में 7 जनवरी तक अवकाश घोषित कर दिया गया है।

कोहरे से फसल को भी खतरा

सोमवार एवं मंगलवार सुबह 10 बजे तक क्षेत्र में सड़कों पर और खेत खलिहान में कोहरा छाया रहा। महज कुछ दूरी स्थित व्यक्ति या वस्तु तक दिखाई नहीं दे रही थी। बुजुर्गों का कहना है कि यह कोहरा फसलों के लिए नुकसानदायक है। विशेषकर आलू एवं गेहूं तथा चना फसल में पत्ते जलने की आशंका है। इस कोहरे के कारण जिस पौधे में या सब्जी बेले में फूल आ रहे होंगे वह नष्ट हो सकते है। कोहरे के कारण सुबह जनजीवन प्रभावित रहा, विशेषकर दूध वितरण एवं मंडी में सब्जी वितरण करने वाले किसानों को 9 बजे तक वाहनों की हेडलाइट का सहारा लेना पड़ा।

मौसम विशेषज्ञों की माने तो यह स्थिति आने वाले चार-पांच दिन तक बनी रहेगी। बागली स्थित भूकंप केंद्र के वैज्ञानिक भूपेंद्र राय ने बताया कि पश्चिमी क्षेत्रों में लगातार हो रही बर्फबारी इसका मुख्य कारण है। तापमान 10 डिग्री तक पहुंच सकता है। बागली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ चिकित्सक डा. हेमत पटेल ने कहा कि यह मौसम बच्चों एवं उम्रदराज लोगों के लिए खतरनाक है।

Posted By: Prashant Pandey

Mp
Mp
  • Font Size
  • Close