
Dewas Mata Temple: नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। आदि शक्ति मां जगतजननी की आराधना का महापर्व रविवार को घट स्थापना के साथ प्रारंभ हो गया। टेकरी पर स्थित बड़ी माता मां तुलजा भवानी और छोटी माता मां चामुंडा के मंदिरों में पूजन कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने किया। रविवार को पहले ही दिन माता टेकरी पर भक्तों का सैलाब उमड़ा और ब्रह्म मुहूर्त से लेकर देर रात तक 50 हजार से ज्यादा भक्तों ने माता के दर्शन किए।
माता टेकरी पर नवरात्र के पहले ही दिन रात करीब 3 बजे से ही दर्शन करने के लिए भक्त पहुंचने लगे थे। सुबह होते-होते हजारों की संख्या में भक्त माता टेकरी पर पहुंच गए। पूरे दिन टेकरी पर जाने के तीनों ही मार्गों पर भक्तों की भीड़ रही। इस दौरान प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी लगातार निरीक्षण करते रहे।
कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने नवरात्र के पहले दिन माताजी की टेकरी पहुंचकर मां तुलजा भवानी व मां चामुंडा की पूजा अर्चना की तथा मां तुलजा भवानी व मां चामुंडा से जिले की सुख-समृद्धि की कामना की।
कलेक्टर ने नवरात्रि पर टेकरी पर की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को माताजी की टेकरी पर व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर गुप्ता कुछ अव्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों पर नाराज भी हुए। उन्होंने तत्काल सुधार करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
देवास में माता टेकरी के दर्शन के लिए उमड़ी भक्तों की भीड़#MadhyaPradesh #Dewas #MataTekri #Navratri2023 #ShardiyaNavratri2023 #नवरात्रि #Naidunia pic.twitter.com/6Gj8KygIkN
— NaiDunia (@Nai_Dunia) October 16, 2023
शहर के मां कैलादेवी मंदिर में भी रविवार को घटस्थापना के साथ नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ हुआ। मंदिर में शहर के प्रसिद्ध व्यवसायी दीपक गर्ग ने सपत्नीक माता का पूजन कर आशीर्वाद लिया। मां कैलादेवी मंदिर में 9 दिनों तक विभिन्न धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन होंगे।
इसी प्रकार प्रापर्टी माल के डायरेक्टर राजेश अग्रवाल एवं सुनीता अग्रवाल ने भी नवरात्र के प्रथम दिन मां का पूजन कर आशीर्वाद लिया। शहर के पद्मजा हायर सेकंडरी स्कूल की डायरेक्टर डा. कोमल जैन और स्वप्निल जैन ने परिवार सहित माता का पूजन किया।
शहर में मुख्य मंदिरों के साथ ही सभी कालोनी व बाजार क्षेत्र में विशाल पंडालों में माता की मुर्तियां स्थापित कर घटस्थापना की गई। कई पंडालों में प्रथम दिन बालिकाओं ने गरबा व अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। आवास नगर स्थित चामुंडा पैलेस में आयोजक बंटी मंगरोलिया द्वारा बड़े स्तर पर गरबा व डांडिया का आयोजन किया गया। यहां बड़ी संख्या में शहर के लोग परिवार सहित पहुंचे और गरबा रास का आनंद लिया।